सतना हाफ मैराथन में 22 राज्यों के 5029 धावकों ने लगाई दौड़, खेल मंत्री विश्वास सारंग ने किया शुभारंभ; सतना को बताया ‘पिंक सिटी’….

सतना में रविवार सुबह खेल, फिटनेस और उत्साह का शानदार नजारा देखने को मिला। पं. गणेश प्रसाद मिश्र सेवा न्यास की ओर से आयोजित सतना हाफ मैराथन-2026 में देश के 22 राज्यों से आए 5029 धावकों ने हिस्सा लिया। 5, 10 और 21 किलोमीटर की श्रेणियों में आयोजित इस दौड़ का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने व्यंकट-1 स्कूल मैदान से हरी झंडी दिखाकर किया। आयोजन के दौरान मंत्री ने सतना को ‘पिंक सिटी’ नाम देते हुए इसे स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला आयोजन बताया।

सुबह 6 बजे शुरू हुई मैराथन, तीन श्रेणियों में दौड़े प्रतिभागी……सतना हाफ मैराथन की शुरुआत सुबह 6 बजे हुई। बड़ी संख्या में धावकों ने उत्साह के साथ दौड़ में भाग लिया। फिट इंडिया अभियान की भावना के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और खेलों के प्रति जागरूक करना रहा। अलग-अलग दूरी की दौड़ में स्थानीय प्रतिभागियों के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए धावकों ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
सर्किट हाउस से माधवगढ़ तक दौड़े धावक…आयोजन के तहत 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर के अलग-अलग रूट निर्धारित किए गए थे। पांच किलोमीटर की दौड़ आयोजन स्थल से सर्किट हाउस चौक तक रही, जबकि 10 किलोमीटर के धावक कोलगवां थाना के सामने तक पहुंचे। वहीं, 21 किलोमीटर की श्रेणी में प्रतिभागियों ने माधवगढ़ तक दौड़ लगाई और फिर वापस आयोजन स्थल पर लौटे।
पूरे रूट पर सुरक्षा और वालेंटियर तैनात….मैराथन को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पूरे मार्ग पर पुलिसकर्मियों और निजी वालेंटियर की तैनाती की गई थी। सड़क के दोनों ओर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई, जिससे धावकों को दौड़ के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। आयोजन में प्रतिभागियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया।

मंत्री लखन पटेल सहित कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद….कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग के साथ आनंदम मंत्री लखन पटेल, सतना महापौर योगेश ताम्रकार, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार और विंध्य चैंबर अध्यक्ष सतीश सुखेजा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी मौजूद रहे।
फिटनेस के साथ सामाजिक एकता का संदेश….सतना हाफ मैराथन-2026 ने शहर में खेल संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया। 22 राज्यों के धावकों की भागीदारी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया। मंत्री विश्वास सारंग ने इस तरह के आयोजनों को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता के लिए महत्वपूर्ण बताया। सतना को ‘पिंक सिटी’ नाम दिए जाने के साथ यह आयोजन शहर की पहचान और खेल गतिविधियों को नई दिशा देने के प्रयास के रूप में भी सामने आया।
#SatnaHalfMarathon #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #Fitness #RewanchalRoshni








