सतना के 5 ताइक्वांडो खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए MP टीम में चयनित, अस्मि भारती समेत खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम…
सतना के पांच ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने 70वीं एसजीएफआई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 के लिए मध्यप्रदेश की टीम में जगह बनाई है। चयनित खिलाड़ियों में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अस्मि भारती, अध्ययन भारती, कृष्णा कुशवाहा, कीर्ति सोनी और वेदांशिका चौहान शामिल हैं। ये खिलाड़ी अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
श्रीनगर में होगी अंडर-17 प्रतियोगिता…अंडर-17 राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता 22 से 26 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आयोजित होगी। इसमें अध्ययन भारती, कृष्णा कुशवाहा, कीर्ति सोनी और वेदांशिका चौहान मध्यप्रदेश की टीम से खेलेंगे। प्रतियोगिता की तैयारी के लिए उत्कृष्ट विद्यालय वेंकट क्रमांक-1 में प्री-नेशनल कैंप शुरू हो गया है। टीम 19 अक्टूबर को श्रीनगर के लिए रवाना होगी।
रांची में अंडर-19 मुकाबले में उतरेंगी अस्मि भारती….अंडर-19 राष्ट्रीय प्रतियोगिता 25 नवंबर से रांची में आयोजित की जाएगी। इसमें सतना की अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी अस्मि भारती मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने वर्ष 2024 की एसजीएफआई राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। इस उपलब्धि के बाद उन्हें ‘गोल्डन गर्ल’ के नाम से पहचान मिली।
एकेडमी में ले रहे प्रशिक्षण…..पांचों खिलाड़ी सतना मार्शल आर्ट एकेडमी में जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव और नेशनल रेफरी डॉ. संदीप भारती के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं। खिलाड़ियों के चयन से खेल जगत में उत्साह है और उनसे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
#SatnaNews #Taekwondo #SGFINational #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni






