Edition

पन्ना में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पन्ना में 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने लगाए प्रताड़ना के आरोप…

पन्ना जिले में 22 वर्षीय नवविवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल में मानसिक प्रताड़ना और चरित्र को लेकर विवाद होने के आरोप लगाए हैं। परिजनों ने उसे जहर देकर मारने की आशंका भी जताई है। फिलहाल मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद होगी।

पुरानी फोटो को लेकर विवाद होने का आरोप…मृतका की बहन चाहना चौधरी के मुताबिक, वंदना करवा चौथ पर ससुराल लौटने से पहले अपना मोबाइल मायके में छोड़ गई थी। 1 नवंबर की सुबह उसने अपने बहनोई अशोक के मोबाइल पर फोन कर बहन से बात कराने के लिए कहा। कुछ समय बाद जब वंदना से बातचीत हुई तो वह रो रही थी।

बहन के अनुसार, वंदना ने बताया था कि एक युवक के साथ उसकी पुरानी फोटो पति और जेठ को भेजी गई थी। इस फोटो को लेकर ससुराल में विवाद हुआ और उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। मृतका की मां भूरी बाई ने भी बेटी पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है।

पति ने कमरे में तड़पते हुए देखने की बात कही…वंदना के पति अशोक चौधरी के अनुसार, वह मजदूरी करने गया था। दोपहर में घर लौटने पर उसने पत्नी को कमरे में गंभीर हालत में देखा। इसके बाद वह उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा।

पुलिस ने शुरू की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार..घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और परिजनों के बयान दर्ज किए। सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस जांच में घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मई में हुई थी शादी, अक्टूबर में गौना…जानकारी के अनुसार, बड़ागांव निवासी वंदना चौधरी (22) की शादी 12 मई 2026 को इमलिया निवासी अशोक चौधरी से हुई थी। मृतका के पिता सुखलाल चौधरी के मुताबिक, दशहरे के समय वंदना का गौना हुआ था। इसके बाद वह कुछ समय मायके में रही और करवा चौथ के दिन पति उसे ससुराल लेकर गया था।

#PannaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #WomenSafety #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!