सतना में शराब के पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट, बाइक में लगाई आग; 2 आरोपी जेल भेजे, तीसरा फरार…

सतना। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर तीन युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट कर उसकी बाइक में आग लगा दी। आरोपियों ने युवक का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। मामले में कोलगवां थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। तीसरा आरोपी अभी फरार है। घटना 2 अक्टूबर की रात की है।
रास्ते में रोककर मांगे शराब के पैसे…
पुलिस के मुताबिक, हनुमान नगर नईबस्ती निवासी नितिन सिंह (20) अपने दोस्त कुलदीप सिंह को घर छोड़कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सिद्धार्थनगर निवासी शुभम पाल (28), आशीष पटेल (27) और गोलू पाल ने उसे रोक लिया। तीनों ने नितिन से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। नितिन के इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोपियों ने वारदात के दौरान नितिन की बाइक में आग लगा दी और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। घटना के बाद पीड़ित ने कोलगवां थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश जारी…
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार को शुभम पाल और आशीष पटेल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं, मामले का तीसरा आरोपी गोलू पाल अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
#SatnaNews #CrimeNews #Kolgawa #MadhyaPradesh #RewanchalRoshni









