Edition

सतना में 1176 नशीली टैबलेट के साथ तीन युवक गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी जब्त…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उचवा टोला में सतना नदी रपटा पुलिया के पास ग्राहक का इंतजार कर रहे थे तीनों युवक, कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा…..

सतना। अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1176 नग अवैध नशीली टैबलेट, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 74 हजार 408 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को सिटी कोतवाली की टीम शहर भ्रमण और अपराधों की रोकथाम के लिए निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तीन युवक काले रंग की साइन मोटरसाइकिल से उचवा टोला स्थित सतना नदी रपटा पुलिया रोड के पास नशीली टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर तीनों युवकों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

मोटरसाइकिल के हैंडल पर टंगे झोले की तलाशी लेने पर उसमें 1176 नशीली टैबलेट मिलीं। पुलिस ने टैबलेट के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 और ड्रग कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।

ये तीन आरोपी गिरफ्तार…. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विवेक सिंह पटेल (निवासी बड़ा तालाब, थाना कोटर), रावेन्द्र कुशवाहा और सौरभ शुक्ला (दोनों निवासी गढ़ी मोहल्ला, थाना कोटर), जिला सतना के रूप में हुई है।

1.74 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त…. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 1176 नशीली टैबलेट, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1,74,408 रुपये बताई गई है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरव पाण्डेय के दिशा-निर्देश तथा नगर पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक हेमंत शर्मा के नेतृत्व में की गई।

 

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!