सतना। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में रविवार, 1 नवंबर को ADR सेंटर, सिविल लाइन सतना में आयोजित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत स्कूल आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए।

कार्यक्रम में साइबर सेल सतना के प्रभारी उप निरीक्षक अजीत सिंह ने विशेष सत्र के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन उत्पीड़न और साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संपर्क करना, निजी फोटो एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा करना और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करना साइबर अपराध का कारण बन सकता है।









