सतना में सुहागिनों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया करवाचौथ, बादलों के बीच चांद का किया इंतजार…

सतना शहर में गुरुवार को करवाचौथ का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखा। सुबह सरगी के साथ शुरू हुआ व्रत दिनभर चला। शाम को महिलाओं ने पूजा-अर्चना कर चौथ माता की कथा सुनी और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सामूहिक पूजा में नजर आया उत्साह…शहर की विभिन्न सोसाइटियों, मंदिरों और सामुदायिक हॉल में सामूहिक पूजा का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाएं सोलह शृंगार कर पारंपरिक परिधानों में पूजा की थाली लेकर पहुंचीं। लाल, गुलाबी और हरे रंग के परिधानों में सजी महिलाओं ने विधि-विधान से चौथ माता की पूजा की और एक-दूसरे को करवाचौथ की शुभकामनाएं दीं।
बादलों के कारण चांद का करना पड़ा इंतजार..दिनभर आसमान में बादल छाए रहने के कारण रात में भी चांद के दर्शन नहीं हो सके। महिलाओं ने काफी देर तक चांद निकलने का इंतजार किया। चांद दिखाई नहीं देने पर कई महिलाओं ने परंपरा के अनुसार छलनी से पति का चेहरा देखकर व्रत का पारण किया। इस दौरान पतियों ने अपनी पत्नी को पानी पिलाकर व्रत खुलवाया। इसके बाद परिवारों में उपहार और शुभकामनाओं के साथ करवाचौथ का पर्व मनाया गया।
पूजा, परंपरा और आपसी खुशियों के बीच बीता त्योहार….करवाचौथ के अवसर पर शहर में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। महिलाओं ने पूजा-पाठ के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया और इस खास दिन को परिवार के साथ यादगार बनाया।
#KarwaChauth #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni #IndianFestivals









