Edition

घर में घुसकर किसान की हत्या, पत्नी और बुजुर्ग मां समेत 4 घायल; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैहर में घर में घुसकर किसान की हत्या, पत्नी-बुजुर्ग मां समेत 4 घायल; पेटी ले जाने का भी आरोप…

मैहर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनवारी गांव में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात अज्ञात हमलावरों ने खेत में बने घर में घुसकर 40 वर्षीय किसान रज्जन सिंह पटेल की हत्या कर दी। हमलावरों ने धारदार हथियारों से किसान पर हमला किया। बीच-बचाव करने आए परिवार के सदस्यों को भी नहीं बख्शा गया। घटना में मृतक की पत्नी, बेटी, बेटा और बुजुर्ग मां घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

रात करीब 12:30 बजे घर में घुसे हमलावर…जानकारी के अनुसार, वारदात रात करीब 12:30 बजे हुई। रज्जन सिंह पटेल खेत में बने घर के बरामदे में खाट पर सो रहे थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घर के अंदर थे। मृतक की पत्नी अंजना पटेल के मुताबिक, करीब छह लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावर दरवाजा खुलवाकर घर में घुसे और परिवार के सदस्यों पर रॉड से हमला कर दिया।

इसके बाद बरामदे में सो रहे रज्जन सिंह पर कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से वार किए गए। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी, बुजुर्ग मां और बच्चों को आई चोटें…हमले की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य बाहर आए तो उन पर भी हमला किया गया। घटना में अंजना पटेल के सिर में चोट आई है। मृतक की बुजुर्ग मां लल्ली सिंह पटेल के सिर और आंख में चोट लगी है। वहीं, 8 वर्षीय बेटी रागनी सिंह पटेल के सिर में चोट आई, जबकि 12 वर्षीय बेटे अनिकेत पटेल को मामूली चोट लगने की जानकारी है।

डायल 112 की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अंजना पटेल ने आरोप लगाया कि हमलावर घर में रखी एक पेटी भी ले गए। पेटी ले जाने और वारदात के पीछे की वजह की पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया…घटना की सूचना मिलने पर सीएसपी महेंद्र सिंह चौहान और कोतवाली थाना प्रभारी अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी है। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस हमलावरों की पहचान करने और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।

#MaiharNews #SatnaNews #CrimeNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!