उचेहरा के रामघाट में डूबे 24 वर्षीय युवक का शव मिला, नदी किनारे मिली थी साइकिल और कपड़े….

सतना। जिले के उचेहरा नगर स्थित रामघाट नदी में नहाने गए 24 वर्षीय युवक चंद्र प्रकाश शर्मा का शव सोमवार सुबह मिला। वह रविवार सुबह नदी में नहाने गया था, लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटा। तलाश के दौरान नदी किनारे उसकी चप्पल, साइकिल और कपड़े मिले थे। इसके बाद से ही उसके नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही थी।
चंद्र प्रकाश शर्मा वार्ड रामदेवाला कारी माटी का निवासी था। उसके पिता का नाम स्व. विष्णु बिहारी शर्मा बताया गया है। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह नहाने के लिए नदी गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसकी दादी ने परिजनों को तलाश करने के लिए भेजा।
नदी किनारे मिले सामान, शाम तक चला सर्च ऑपरेशन…परिजनों ने तलाश की तो नदी किनारे चंद्र प्रकाश की चप्पल, साइकिल और कपड़े मिले। इससे उसके नदी में डूबने की आशंका बढ़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने रविवार शाम तक नदी में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सोमवार सुबह नदी में युवक का शव मिलने के बाद सहायक उपनिरीक्षक रामायण सिंह और अन्य लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
शव ले जाने कचरा वाहन भेजने पर परिजनों ने जताई आपत्ति…घटना के बाद शव को शवगृह पहुंचाने के लिए नगर पालिका की ओर से कचरा वाहन भेजा गया। इस पर परिजनों ने आपत्ति जताई। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने वाहन को वापस कराकर शव को ऑटो से शवगृह पहुंचाया। युवक की मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
#SatnaNews #Uchehra #Satna #MaiharNews #RewanchalRoshni









