धनतेरस पर रीवा में 200 करोड़ रुपये का कारोबार, सराफा बाजार में 80 करोड़ और रियल एस्टेट में 50 करोड़ की बिक्री का अनुमान….

धनतेरस पर रीवा के बाजारों में जमकर खरीदारी हुई। सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के बावजूद ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ। व्यापारी संघ के अध्यक्ष नरेश काली के मुताबिक, इस बार धनतेरस पर शहर में करीब 200 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। सराफा बाजार से लेकर ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा और रियल एस्टेट सेक्टर तक अच्छी व्यावसायिक गतिविधियां देखने को मिलीं।
सराफा बाजार में 80 करोड़ का कारोबार…धनतेरस पर सराफा बाजार में करीब 80 करोड़ रुपये की बिक्री का अनुमान लगाया गया है। ग्राहकों ने सोने-चांदी के आभूषणों के साथ सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाएं और पूजन सामग्री खरीदी। 6 नवंबर को 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव करीब 2.26 लाख रुपये प्रति किलो बताया गया।
ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी रौनक…
ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 30 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है। इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और मोबाइल की खरीदारी हुई। इलेक्ट्रिक स्कूटर की मांग भी बनी रही। कारोबारियों के मुताबिक, कुछ मॉडलों की बुकिंग पर दो महीने तक की वेटिंग चल रही है।
अलग-अलग सेक्टर में कारोबार का अनुमान…व्यापारी संघ के अनुसार, धनतेरस पर विभिन्न क्षेत्रों में अनुमानित कारोबार इस प्रकार रहा:
-
सराफा बाजार – 80 करोड़ रुपये
-
रियल एस्टेट – 50 करोड़ रुपये
-
ऑटोमोबाइल – 30 करोड़ रुपये
-
इलेक्ट्रॉनिक्स – 10 करोड़ रुपये
-
फर्नीचर – 5 से 10 करोड़ रुपये
-
कपड़ा – 5 करोड़ रुपये
-
सजावटी सामान – 1 करोड़ रुपये
-
बर्तन व अन्य घरेलू सामग्री – 10 से 15 करोड़ रुपये
बाजारों में भीड़ से यातायात प्रभावित
खरीदारों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख बाजार मार्गों पर ऑटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर रोक लगाई थी। चारपहिया वाहनों के लिए शिल्पी प्लाजा, साईं मंदिर, मानस भवन और स्वागत भवन सहित विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई। इसके बावजूद कई बाजार मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
#RewaNews #Dhanteras2026 #BusinessNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









