सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस, करीब 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद…..
सतना, 27 नवंबर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की पांच वारदातों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार कृष्णकुंज कॉलोनी बगहा निवासी विवेक सिंह के घर से 7 नवंबर को सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल की मदद से संदेही मनोज जोशी की पहचान की। 26 नवंबर को उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद पुलिस ने उसके दो साथियों भगवानदीन सिंगरौल और विष्णु गुप्ता को भी गिरफ्तार किया।










