Edition

कलेक्टर बनीं शिक्षक, 9वीं कक्षा में पहुंचकर ली विज्ञान की क्लास; कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं के निर्देश….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मड़ई में स्कूल निरीक्षण के दौरान कलेक्टर बिदिशा मुखर्जी ने परखी विद्यार्थियों की शैक्षणिक दक्षता, लापरवाही पर शिक्षकों को नोटिस.

मैहर, 27 नवंबर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी ने शुक्रवार को शासकीय हाई स्कूल मड़ई का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वह कक्षा 9वीं में पहुंचीं और विद्यार्थियों की विज्ञान विषय की कक्षा लेते हुए उनकी शैक्षणिक समझ परखी।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों से कोशिका, सेल और रदरफोर्ड के परमाणु मॉडल से जुड़े सवाल पूछे। संतोषजनक उत्तर देने वाले विद्यार्थियों की उन्होंने सराहना की और नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी की पाठ्यपुस्तकें विद्यार्थियों से पढ़वाकर उनकी पठन क्षमता और भाषा संबंधी दक्षता भी जांची। शैक्षणिक स्तर में कमी पाए जाने पर कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं लगाने तथा प्रत्येक विद्यार्थी की प्रगति का नियमित मूल्यांकन करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान हिंदी और अंग्रेजी विषयों में विद्यार्थियों का अपेक्षित स्तर नहीं मिलने पर प्रभारी प्राचार्य कपिल देव सिंह, माध्यमिक शिक्षक रामपाल सोनी, प्राथमिक शिक्षक कल्याणी विश्वकर्मा और अतिथि शिक्षक रूपा कुशवाहा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता भी देखी और विद्यालय के प्राथमिक शाला के नवीन भवन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके बाद उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति और पोषण व्यवस्था की जानकारी ली। बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा को खेल-खिलौनों एवं गतिविधियों से जोड़ने तथा आंगनवाड़ी केंद्रों की नियमित निगरानी के निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को दिए।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!