रीवा में तीन रेस्टोरेंट के रूफटॉप किचन सील, 6 गैस सिलेंडर जब्त…

रीवा में नगर निगम ने छतों पर किचन संचालित कर रहे तीन रेस्टोरेंटों के खिलाफ कार्रवाई की है। गुरुवार को निगम की टीम ने धुआं रेस्टोरेंट, ब्रह्मा होटल और ड्रिंक्स एंड डाइन के रूफटॉप किचन सील कर दिए। मौके से 6 गैस सिलेंडर भी जब्त किए गए। मध्यप्रदेश अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं अधिनियम, 2026 लागू होने के बाद इसे निगम की पहली सीलिंग कार्रवाई बताया गया है।
निरीक्षण में मिली नियमों की अनदेखी…निगम आयुक्त अक्षत जैन के निर्देश पर स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार और फायर ऑफिसर दीपक सिंह तोमर के नेतृत्व में टीम ने तीनों प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान छतों पर गैस सिलेंडर और भट्टियों के जरिए खाना बनाया जा रहा था। निगम के मुताबिक, मध्यप्रदेश भूमि विकास नियम, 2012 के तहत भवन की छत पर किचन संचालित करना नियम विरुद्ध है। ऐसी स्थिति में आग लगने पर लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना और राहत-बचाव कार्य करना मुश्किल हो सकता है।
पहले नोटिस, फिर सीलिंग की कार्रवाई…नगर निगम का कहना है कि तीनों रेस्टोरेंट संचालकों को पहले नोटिस देकर रूफटॉप किचन हटाने और अग्नि सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं होने पर नए फायर एक्ट के प्रावधानों के तहत किचन सील किए गए।
निगम आयुक्त अक्षत जैन ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा। होटल, रेस्टोरेंट, कैफे, कोचिंग संस्थान, अस्पताल और व्यावसायिक भवनों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी निरीक्षण और दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।
#RewanchalRoshni #RewaNews #MadhyaPradeshNews #FireSafety #VindhyaNews









