.
रीवा में 28 नवंबर को भाजपा की रैली, कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट; भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित….

रीवा। रीवा में 28 नवंबर को प्रस्तावित भाजपा के ‘संविधान बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम और पैदल मार्च को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। रैली के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी ग्राउंड कॉलेज चौराहे से होगी। यहां सभा के बाद पैदल मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च कॉलेज चौराहा, सिरमौर चौक, अमहिया रोड, कला मंदिर, अस्पताल चौक, प्रकाश चौक और स्टैच्यू चौक होते हुए पद्मधर पार्क पहुंचेगा।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध….पुलिस के अनुसार, रैली के दौरान बड़ी पुल से व्यंकट तिराहे तक, सिरमौर चौराहे से अमहिया रोड, अस्पताल चौक, प्रकाश चौक, घोड़ा चौराहा, खन्ना चौराहा, व्यंकट तिराहा और ज्योतिस्तंभ तक आवागमन बंद रहेगा। साई मंदिर से घोड़ा चौराहा और सिंधी चौराहे से घोड़ा चौराहा जाने वाले मार्ग भी प्रतिबंधित रहेंगे।
सतना और प्रयागराज जाने वाले वाहन बायपास से निकलेंगे…सतना की ओर से प्रयागराज और मिर्जापुर जाने वाले वाहनों को बायपास से निकाला जाएगा। इसी तरह प्रयागराज और मिर्जापुर से सतना, मैहर, सीधी और शहडोल जाने वाले वाहन भी बायपास का उपयोग करेंगे।
बसों और रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए वैकल्पिक रास्ते…सीधी और शहडोल से आने वाली बसें शहर में प्रवेश किए बिना बायपास के रास्ते नए बस स्टैंड पहुंचेंगी। नए बस स्टैंड से सतना, इंदौर और भोपाल जाने वाली बसें भी बायपास से संचालित होंगी। ऑनलाइन परमिट वाली बाहरी बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए ढेकहा तिराहे से करहिया मार्ग निर्धारित किया गया है। पुलिस ने लोगों से एनसीसी ग्राउंड, कॉलेज चौराहा, अमहिया रोड और व्यंकट रोड से जयस्तंभ तक के मार्गों पर जाने से बचने की अपील की है।
#RewanchalRoshni #RewaNews #TrafficDiversion #MadhyaPradeshNews #RewaTraffic









