रीवा में प्रसूता की मौत का मामला केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय पहुंचा, अपर मुख्य सचिव को जांच के निर्देश…

रीवा। रीवा के गांधी मेमोरियल अस्पताल (GMH) में प्रसव के बाद 27 वर्षीय रचना रजक की मौत का मामला अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय तक पहुंच गया है। मंत्रालय ने शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र जारी कर मामले में आवश्यक कार्रवाई और जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
गढ़ निवासी रचना रजक को प्रसव के लिए गांधी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक, सामान्य प्रसव के बाद डॉक्टरों ने बच्चेदानी में कचरा होने की बात बताई और उसे निकालने के लिए ऑपरेशन की आवश्यकता जताई। परिजनों की सहमति के बाद ऑपरेशन किया गया, जिसमें रचना की बच्चेदानी निकाल दी गई। इसके बावजूद रक्तस्राव नहीं रुका और 11 अक्टूबर 2026 को उसकी मौत हो गई। हालांकि, नवजात सुरक्षित बच गया।
परिजनों ने लगाए इलाज में लापरवाही के आरोप…मृतका के रिश्तेदार संजय रजक और अन्य परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अस्पताल में भर्ती होने से पहले रचना को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। परिजनों ने मौत की जानकारी समय पर नहीं देने और अंतिम संस्कार के लिए जल्द अस्पताल से रवाना करने का दबाव बनाए जाने के आरोप भी लगाए हैं।
मीडिया की एंट्री रोकने का भी आरोप…घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अस्पताल प्रबंधन ने मामले में चुप्पी साधी और मीडिया की एंट्री पर रोक लगाई। डीन और अधीक्षक पर डॉक्टरों को मीडिया में बयान देने से रोकने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने इसे संविधान के अनुच्छेद 19(1)(a) के तहत अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताया है।
दूसरी प्रसूता और नवजात की मौत का मामला भी शामिल…सामाजिक कार्यकर्ता सर्वेश कुमार सोनी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग को संयुक्त शिकायत भेजी थी। इसमें 26 अगस्त को कल्पना मिश्रा और उनके नवजात की मौत का मामला भी शामिल किया गया है।
शिकायत में मातृ एवं शिशु मृत्यु के मामलों की स्वतंत्र जांच, एम्स भोपाल या जबलपुर मेडिकल कॉलेज के बाहरी विशेषज्ञों की टीम से मातृ मृत्यु ऑडिट कराने, कथित लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को अंतरिम मुआवजा देने की मांग की गई है।
25 नवंबर को जारी हुआ केंद्रीय मंत्रालय का पत्र….स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के सहायक महानिदेशक डॉ. सुमित कुमार कांसोटिया ने 25 नवंबर 2026 को मध्यप्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव को पत्र जारी किया। इसमें शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं। अब मामले में राज्य शासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
#RewanchalRoshni #RewaNews #HealthNews #MadhyaPradeshNews #MedicalNegligence









