Edition

छत्तीसगढ़ में युवक की कमर में 8 दिन रहा चाकू, लापरवाही पर BMO हटाए गए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डोंगरगढ़.

सरकारी अस्पताल में घायल युवक की कमर में चाकू का टुकड़ा फंसे रहने और बिना निकाले टांके लगाने के मामले में अब प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवालों के बीच कलेक्टर जितेंद्र यादव ने डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बीएमओ डॉ. सुचिता श्रीवास्तव को पद से हटा दिया है।

उनकी जगह शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. सोमेन्द्र सोनटके को बीएमओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नए बीएमओ डॉ. सोनटके सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ का संपूर्ण प्रभार संभालेंगे। इसके साथ ही उन्हें राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और राष्ट्रीय कार्यक्रमों का दायित्व भी सौंपा गया है। चिकित्सा व्यवस्था में खराब प्रदर्शन को लेकर कलेक्टर के इस सख्त फैसले को स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

कमर में 2-3 इंच चाकू का टुकड़ा छोड़कर लगा दिए टांके
दरअसल, डोंगरगढ़ में 10 नवंबर की रात लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए विवाद में 22 वर्षीय विवेक साहू चाकूबाजी में घायल हो गया था। 11 नवंबर की सुबह उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। आरोप है कि उपचार के दौरान उसकी कमर में फंसा चाकू का करीब 2 से 3 इंच लंबा टुकड़ा निकाले बिना ही टांके लगा दिए गए। विवेक करीब आठ दिनों तक दर्द से परेशान रहा। 18 नवंबर को एक्स-रे कराने पर शरीर में चाकू का टुकड़ा फंसे होने का खुलासा हुआ। इसके बाद निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर चाकू का टुकड़ा निकाला गया। इस मामले को लल्लूराम डॉट कॉम ने प्रमुखता से उठाते हुए सरकारी अस्पताल की उपचार व्यवस्था और जिम्मेदार डॉक्टरों की भूमिका पर सवाल खड़े किए थे।

डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका की जांच बाकी
खबर सामने आने के बाद पुलिस ने भी चाकूबाजी के मामले में एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया था। अब स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई हुई है। बीएमओ बदलने से क्या अस्पताल की व्यवस्था भी बदलेगी? यह बड़ा सवाल है। विवेक साहू के उपचार में कथित लापरवाही के लिए ड्यूटी डॉक्टर और संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका की जांच तथा जिम्मेदारी तय होना अभी बाकी है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में अलग से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है या प्रशासनिक फेरबदल तक ही कार्रवाई सीमित रह जाती है।

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!