Edition

सतना जिला अस्पताल के दोनों ऑक्सीजन प्लांट एक सप्ताह से बंद…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना जिला अस्पताल के दोनों ऑक्सीजन प्लांट एक सप्ताह से बंद…

सतना। जिला अस्पताल के दोनों PSA ऑक्सीजन प्लांट पिछले एक सप्ताह से बंद हैं। दोनों प्लांट के 150-150 केवीए के स्टेबलाइजर खराब होने से ऑक्सीजन का उत्पादन ठप है। फिलहाल अस्पताल में 6 किलोलीटर क्षमता वाले LMO प्लांट और ऑक्सीजन सिलेंडरों के जरिए मरीजों को सप्लाई दी जा रही है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल ऑक्सीजन की कमी नहीं है।

डेढ़ लाख रुपए से होगी स्टेबलाइजर की मरम्मत…अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, दोनों स्टेबलाइजर खराब होने के कारण प्लांट को पर्याप्त बिजली सप्लाई नहीं मिल पा रही है। भोपाल के इंजीनियर को वीडियो कॉल के जरिए तकनीकी खराबी दिखाई गई है। दोनों स्टेबलाइजर की मरम्मत पर करीब डेढ़ लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। इंजीनियर से एस्टीमेट मिलने के बाद बजट की स्वीकृति लेकर मरम्मत कराई जाएगी।

कोविड के दौरान लगाए गए थे दोनों प्लांट…जिला अस्पताल में सितंबर 2021 में कोविड संक्रमण के दौरान एक-एक हजार लीटर प्रति मिनट (LPM) क्षमता के दो PSA ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए थे। इनकी स्थापना L&T कंपनी ने की थी। शुरुआती 18 महीने तक वारंटी के तहत नियमित सर्विसिंग हुई, लेकिन इसके बाद करीब 40 महीने तक रखरखाव नहीं हुआ। तकनीकी खराबियों के चलते दोनों प्लांट बंद कर दिए गए थे।

करीब छह महीने बंद रहने के बाद तीन महीने पहले इनकी सर्विसिंग कराई गई। ट्रायल के दौरान ऑक्सीजन की शुद्धता 90 प्रतिशत से अधिक मिलने के बाद दोनों प्लांट दोबारा चालू किए गए थे। अब स्टेबलाइजर खराब होने से फिर उत्पादन बंद हो गया है।

230 बेड सेंट्रल ऑक्सीजन सिस्टम से जुड़े…जिला अस्पताल के करीब 230 बेड सेंट्रल ऑक्सीजन सप्लाई सिस्टम से जुड़े हैं। इनमें नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई, ट्रामा सेंटर, ओल्ड ICU, पीडियाट्रिक ICU, महिला एवं पुरुष मेडिसिन वार्ड, ऑर्थो और सर्जिकल वार्ड शामिल हैं।

अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 500 MMWC ऑक्सीजन की खपत बताई गई है। 24 बेड वाले ICU में इसकी खपत सबसे अधिक होती है। इसके अलावा ऑपरेशन के दौरान मरीजों को एनेस्थीसिया देने में भी ऑक्सीजन की जरूरत पड़ती है।

LMO प्लांट और सिलेंडरों से हो रही आपूर्ति…फिलहाल 6 KL क्षमता वाले लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन (LMO) प्लांट से वार्डों तक ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। जरूरत के अनुसार सिलेंडरों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। दोनों PSA प्लांट चालू रहने पर अस्पताल में प्रतिमिनट कुल 2000 लीटर ऑक्सीजन उत्पादन की क्षमता है।

सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने बताया कि दोनों PSA प्लांट के स्टेबलाइजर खराब होने से उत्पादन प्रभावित हुआ है। इंजीनियर से संपर्क किया गया है। एस्टीमेट मिलने के बाद स्वीकृति लेकर मरम्मत का काम शुरू कराया जाएगा।

#SatnaNews #SatnaDistrictHospital #HealthNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!