Edition

सतना में बिजली विभाग की टीम को बनाया बंधक, मिल संचालक समेत 3 पर FIR…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना में बिजली विभाग की टीम को बनाया बंधक, मिल संचालक समेत 3 पर FIR…

सतना। मझगवां थाना क्षेत्र में बकाया बिजली बिल के चलते कनेक्शन काटने के बाद दोबारा बिजली चालू होने की जांच करने पहुंची बिजली विभाग की टीम को कथित तौर पर राइस मिल में बंधक बना लिया गया। आरोप है कि कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। करीब दो घंटे बाद पुलिस के पहुंचने पर टीम को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने मिल संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

14 लाख से ज्यादा का बिजली बिल बकाया….मझगवां थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे के मुताबिक, बिजली विभाग के जेई चंदन कुमार तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई है कि कस्बे की आरपी राइस मिल पर बिजली बिल के 14 लाख 31 हजार 702 रुपए बकाया थे। कई बार नोटिस देने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार सुबह मिल का बिजली कनेक्शन काट दिया गया था।

दोबारा बिजली चालू मिलने पर पहुंची टीम…शिकायत के अनुसार, बुधवार शाम काम खत्म कर मुख्यालय लौटते समय जेई और उनकी टीम ने राइस मिल में बिजली चालू देखी। कनेक्शन काटने के बाद दोबारा तार जोड़कर बिजली इस्तेमाल किए जाने की आशंका पर टीम मिल पहुंची। इसी दौरान कर्मचारियों ने मिल संचालक को फोन किया।

आरोप है कि इसके बाद मिल का गेट बंद कर दिया गया और बिजली विभाग की टीम को बाहर जाने से रोक दिया गया। कर्मचारियों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

दो घंटे बाद पुलिस ने कराया मुक्त…टीम में जेई चंदन तिवारी के साथ लाइन परिचारक विजय कुमार सोनी, अनुपम चौधरी, राजपाल कोल और वाहन चालक राजेश वर्मा शामिल थे। जेई ने वरिष्ठ अधिकारियों, मझगवां एसडीएम और थाना प्रभारी को घटना की सूचना दी। करीब दो घंटे बाद शाम 7 बजे पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारी बाहर निकल सके।

मिल संचालक समेत तीन पर मामला दर्ज…पुलिस ने शिकायत के आधार पर मिल संचालक रुपेश पटेल, चौकीदार रज्जूलाल भारद्वाज और अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 127(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

#SatnaNews #MaiharNews #MadhyaPradeshNews #ElectricityDepartment #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!