सतना ब्लड बैंक में 11 में से 5 पद खाली, सिर्फ 6 टेक्नीशियनों के भरोसे 15 हजार यूनिट रक्त की सप्लाई….

सतना। जिला अस्पताल का ब्लड बैंक सीमित कर्मचारियों के बीच हजारों मरीजों की जरूरत पूरी कर रहा है। यहां से हर साल करीब 12 से 15 हजार यूनिट रक्त और ब्लड कंपोनेंट की आपूर्ति की जाती है, लेकिन व्यवस्था संभालने के लिए स्वीकृत 11 पदों में से केवल 6 नियमित लैब टेक्नीशियन ही पदस्थ हैं। पांच पद खाली होने से ब्लड बैंक के संचालन और मरीजों को समय पर सेवाएं देने की चुनौती बढ़ गई है।

स्टाफ की कमी को देखते हुए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने शासकीय मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल को पत्र लिखकर ब्लड सेंटर और पैथोलॉजी विभाग का संचालन मेडिकल कॉलेज के अधीन करने का सुझाव दिया है। पत्र में मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध मानव संसाधन के आधार पर व्यवस्थाएं संचालित करने का आग्रह किया गया है।
24 घंटे सेवा, हर महीने लगते हैं करीब 10 रक्तदान शिविर…जिला अस्पताल का ब्लड सेंटर 24 घंटे संचालित होता है। यहां हर महीने औसतन 10 रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। रक्त संग्रह, उसकी जांच, सुरक्षित भंडारण और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी इसी केंद्र पर है।
ब्लड बैंक से मेडिकल कॉलेज के अलावा 56 निजी अस्पतालों और मैहर, नागौद व अमरपाटन की ब्लड स्टोरेज यूनिट को भी रक्त भेजा जाता है। इसके साथ ही पन्ना, रीवा, कटनी और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों तक रक्त की आपूर्ति की जाती है। इतने बड़े क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने के लिए सीमित कर्मचारियों पर काम का दबाव बना हुआ है।
सुविधाएं मौजूद, फिर भी जांच के लिए रीवा भेजे जाते हैं सैंपल…ब्लड सेंटर में सीएलआईए सीरोलॉजी, आरपीआर, ब्लड ग्रुपिंग, क्रॉस मैचिंग और ब्लड सेपरेशन यूनिट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद स्टाफ की कमी के चलते सभी कार्यों का संचालन चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। एनएटी और सीरोलॉजी जांच के लिए ब्लड के नमूने रीवा मेडिकल कॉलेज भेजने पड़ते हैं। इसके लिए सैंपल भेजने से लेकर रिपोर्ट प्राप्त करने तक अलग व्यवस्था करनी होती है।
एक ही स्टाफ पर कई विभागों की जिम्मेदारी….सिविल सर्जन के पत्र के अनुसार, जिला अस्पताल में एक पैथोलॉजिस्ट और 11 नियमित लैब टेक्नीशियनों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में केवल 6 टेक्नीशियन कार्यरत हैं। इन्हीं कर्मचारियों से ब्लड बैंक और पैथोलॉजी की 24 घंटे की सेवाओं के साथ गायनी ओपीडी, जगदीश भवन और टीबी लैब का काम भी कराया जा रहा है।
इसके विपरीत मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग में एक प्रोफेसर, दो एसोसिएट प्रोफेसर, तीन असिस्टेंट प्रोफेसर, तीन एसआर, चार बंधपत्र चिकित्सक, 23 लैब टेक्नीशियन और 24 असिस्टेंट टेक्नीशियन पदस्थ हैं। इसी उपलब्ध मानव संसाधन का उपयोग कर ब्लड सेंटर और पैथोलॉजी की व्यवस्थाएं मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित करने का प्रस्ताव दिया गया है।
सिविल सर्जन बोले- मेडिकल कॉलेज से नहीं मिला सकारात्मक जवाब…सिविल सर्जन डॉ. अमर सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में काम का काफी दबाव है। कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को पत्र लिखा गया है, लेकिन अभी तक वहां से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।
अब सवाल यह है कि सालाना हजारों यूनिट रक्त की आपूर्ति करने वाले इस महत्वपूर्ण केंद्र में कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन कब तक ठोस कदम उठाते हैं।
#SatnaNews #BloodBank #HealthNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









