रीवा-मऊगंज की पंचायतों में खरीदी पर सवाल, करोड़ों के भुगतान की जांच…

रीवा/मऊगंज। मध्यप्रदेश की ग्राम पंचायतों में सरकारी राशि से की गई खरीदी और भुगतान को लेकर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। रीवा और मऊगंज जिले की पंचायतों में ई-रिक्शा, वाटर कूलर और हाईमास्ट लाइट की खरीदी के नाम पर किए गए भुगतानों और मौके पर उपलब्ध सामान में अंतर मिलने का मामला सामने आया है। दैनिक भास्कर की पड़ताल में पोर्टल पर दर्ज रिकॉर्ड और जमीनी स्थिति में कई विसंगतियां सामने आने का दावा किया गया है।

20 हजार के ठेले के लिए 3.25 लाख का भुगतान….मऊगंज जिले की ढेरा ग्राम पंचायत में मई 2026 में कचरा उठाने के लिए ई-रिक्शा गार्बेज ट्रॉली की खरीदी के नाम पर 3.25 लाख रुपए का भुगतान दर्ज है। इसके अलावा 12 डस्टबिन के लिए 2.99 लाख रुपए जारी किए गए। दोनों भुगतान भाव्या इलेक्ट्रॉनिक नाम की दुकान को किए गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर तक गांव में न तो ई-रिक्शा पहुंचा था और न ही डस्टबिन लगाए गए थे। 12 नवंबर को गांव में ई-रिक्शा की जगह हाथ से चलने वाला साइकिल ठेला पहुंचाया गया। ग्रामीण शीबू साकेत ने इसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताते हुए खरीदी पर सवाल उठाए।

दान में मिले वाटर कूलर के नाम पर 24 लाख का भुगतान…रीवा जिले की गंगेव जनपद पंचायत में पांच आरओ वाटर कूलर की खरीदी के नाम पर विंध्या एंटरप्राइजेज को 24 लाख रुपए का भुगतान दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इस हिसाब से एक वाटर कूलर की कीमत 4.80 लाख रुपए दिखाई गई।
पड़ताल के दौरान जनपद पंचायत कार्यालय में केवल एक पुराना वाटर कूलर मिला। रिपोर्ट के अनुसार, यह वाटर कूलर यूनियन बैंक की ओर से दान में दिया गया था। शेष चार वाटर कूलरों की उपलब्धता को लेकर जनपद पंचायत सीईओ से जवाब मांगा गया, लेकिन रिपोर्ट में उनका पक्ष नहीं मिल सका।

48 लाख के भुगतान के बावजूद नहीं मिलीं हाईमास्ट लाइटें…गंगेव जनपद की कठेरी और बसौली नंबर-2 ग्राम पंचायतों में चार-चार हाईमास्ट लाइट लगाने के नाम पर 24-24 लाख रुपए का भुगतान दर्ज है। कुल राशि 48 लाख रुपए बताई गई है।
हालांकि, पड़ताल के दौरान दोनों गांवों में नई हाईमास्ट लाइटें नहीं मिलीं। कठेरी की सरपंच आशा विश्वकर्मा के पति राजेंद्र विश्वकर्मा ने भी चार नई हाईमास्ट लाइट लगाए जाने की जानकारी होने से इनकार किया।
अन्य पंचायतों में भी भुगतान रिकॉर्ड पर सवाल…मऊगंज की सीतापुर ग्राम पंचायत में 52 हजार रुपए के ई-रिक्शा की खरीदी रिकॉर्ड में दर्ज मिली, जबकि मौके पर पुरानी साइकिल रिक्शा ट्रॉली होने की बात सामने आई।
इसके अलावा हनुमना जनपद की बहुती पंचायत में श्री राम ट्रेडर्स को 26.69 लाख रुपए के भुगतान के साथ असली बिल की जगह सादे कागज और एक ही फोटो बार-बार अपलोड किए जाने का मामला सामने आया। अर्जुनपुर पैकान पंचायत में एसएल ट्रेडर्स को 12.12 लाख रुपए के भुगतान के साथ बिल की जगह खाली पर्ची अपलोड होने की जानकारी भी रिपोर्ट में दी गई है।
पंचायत प्रोफाइल में सचिव के स्थान पर सप्लायर का मोबाइल नंबर और ई-मेल दर्ज होने का मामला भी सामने आया है।
अधिकारी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई…मामलों को लेकर रीवा जिला पंचायत सीईओ सृष्टि देशमुख ने जांच कराने और अनियमितता मिलने पर कार्रवाई करने की बात कही है। मऊगंज जनपद पंचायत सीईओ परमानंद तिवारी के मुताबिक, ई-रिक्शा के नाम पर किस तरह के वाहन खरीदे गए और पोर्टल पर क्या जानकारी दर्ज की गई, इसकी जांच की जाएगी। पंचायत प्रोफाइल में दर्ज मोबाइल नंबर और ई-मेल की भी पड़ताल होगी।
फिलहाल सामने आए मामलों में भुगतान रिकॉर्ड, खरीदी और वास्तविक उपलब्धता की जांच के बाद ही अनियमितताओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#RewaNews #MauganjNews #PanchayatCorruption #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









