रीवा। सतना भाजपा के जिला उपाध्यक्ष मुरारी सोनी के बेटे की सगाई का कार्यक्रम रीवा के यूकेएस पैलेस में था, लेकिन शादी-ब्याह की खुशियों के बीच पैसों के हिसाब ने ऐसा रंग दिखाया कि कार्यक्रम का माहौल ही बदल गया।
पैलेस संचालक के मुताबिक कार्यक्रम करीब एक लाख रुपये में तय हुआ था, जबकि सामान्य किराया इससे ज्यादा था। कार्यक्रम में मेहमान बढ़ गए और प्लेटों की संख्या भी तय संख्या से ज्यादा पहुंच गई। इसके बाद अतिरिक्त भुगतान को लेकर संचालक और मुरारी सोनी पक्ष के बीच विवाद शुरू हो गया।
स्टाफ के मुताबिक, विवाद के दौरान मुरारी सोनी के बेटे ने पैलेस संचालक अमित दुबे के साथ हाथापाई कर दी। संचालक के साथ हाथापाई होती देख पैलेस का स्टाफ भी बीच में आ गया। इसके बाद स्टाफ ने मुरारी सोनी पक्ष के लोगों को घेर लिया और जमकर मारपीट हो गई। मुरारी सोनी भी इस मारपीट में घायल हुए और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।









