Edition

2030 तक करोड़पति बनने की चाहत, मोकामा के 3 किशोर घर से लापता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मोकामा (पटना)
वर्ष 2030 तक करोड़पति बनने, लग्जरी गाड़ियों में घूमने और पांच सितारा होटल में लंच करने के सपने ने मोकामा के बरहपुर गांव के तीन नाबालिग दोस्तों को घर छोड़ने के लिए प्रेरित किया।

तीनों किशोर छठ के अंतिम दिन घर से निकले और फिर वापस नहीं लौटे। अब उनके मोबाइल पर लगाए गए वाट्सएप स्टेटस और रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज से घर छोड़ने की योजना के सुराग मिल रहे हैं।

तीनों लड़कों के घर से जाने की घटना की जांच में मोकामा पुलिस को कई अहम जानकारियां मिली हैं। तीनों सोमवार को मोकामा स्टेशन से ट्रेन पकड़कर पटना की ओर रवाना हुए थे। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि हुई है।

स्टेटस में पहले ही दे दिया था घर छोड़ने का संकेत
ग्रामीणों के अनुसार, घर से जाने के एक दिन पहले ही एक किशोर ने अपने मोबाइल के वाट्सएप स्टेटस पर लिखा था- 'अलविदा मोकामा, टेक टी इन नीम करौली धाम एंड लंच विल टेक मुंबई।'

यानी मोकामा को अलविदा कहकर नीम करौली धाम में मुलाकात और फिर मुंबई में लंच करने का सांकेतिक संदेश दिया गया था।

छठ पूजा की शाम ग्रामीण, स्वजन और दोस्त सूर्य को अर्घ्य देने में व्यस्त थे। इस कारण किसी ने स्टेटस को गंभीरता से नहीं लिया।

जब तीनों किशोर घर से चले गए, तब लोगों का ध्यान उस संदेश पर गया। अब पुलिस इसी संकेत के आधार पर उनकी यात्रा और संभावित ठिकानों की पड़ताल कर रही है।

लग्जरी गाड़ियों और महंगे शौक के थे सपने
ग्रामीणों के मुताबिक, तीनों किशोर आपस में गहरे दोस्त थे और ऑनलाइन गेमिंग में भी उनकी रुचि थी। वे वर्ष 2030 तक करोड़पति बनने, महंगी गाड़ियों में घूमने, पांच सितारा होटल में लंच करने और 20 हजार रुपये के जूते पहनने जैसे सपने देखते थे।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घर छोड़ने की योजना बनाने में ऑनलाइन गेमिंग या इंटरनेट पर उपलब्ध किसी सामग्री की भूमिका तो नहीं थी।

उत्तराखंड पहुंचने का मिला इनपुट, पुलिस तलाश में जुटी
तीनों किशोरों के घर से जाने के बाद से स्वजन परेशान हैं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस को इनपुट मिला है कि किशोरों में से एक ने सिम बदलकर मोबाइल फोन का इस्तेमाल किया है।

उनके उत्तराखंड पहुंचने की सूचना भी मिली है। हालांकि, मोबाइल फोन बंद रहने के कारण उनकी सटीक लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा है।

मोकामा पुलिस तीनों की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि उन्हें शीघ्र ही सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!