नई दिल्ली
आमतौर पर यूरोपीय देशों में ठंड शुरू होने से पहले ही अधिक मात्रा में नेचुरल गैस खरीदकर अपने रिजर्व में स्टोर कर ली जाती है. इससे पूरी सर्दी में सप्लाई बनी रहती है. लेकिन इस बार कहानी कुछ अलग है. गैस की ऊंची कीमतों के चलते कई देशों ने पहले की तरह खरीदारी नहीं की और अब सर्दियां शुरू होने के साथ उनके सामने अपने रिजर्व को भरने की चुनौती खड़ी हो गई है. ऐसे में यूरोप को अचानक बड़ी मात्रा में गैस खरीदनी पड़ सकती है. इसका असर ग्लोबल मार्केट पर पड़ सकता है और एशियाई देशों के लिए गैस महंगी हो सकती है. इसी बीच सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या यूरोप की सर्दी भारत में गैस की कीमतें बढ़ा सकती है और LPG की किल्लत का खतरा पैदा हो सकता है?
यूरोप में गैस का भंडार घटा
यूरोप इस समय नेचुरल गैस के कम रिजर्व की समस्या से जूझ रहा है. यूरोपीय संघ और ब्रिटेन के गैस भंडार में 11 नवंबर तक करीब 810 टेरावॉट घंटे (TWh) गैस बची थी. यह पिछले 10 साल के मौसमी औसत से करीब 20 फीसदी कम है. यानी सर्दियों की शुरुआत में ही यूरोप के पास सामान्य सालों के मुकाबले काफी कम गैस मौजूद है. गैस की कमी के बीच यूरोप ने लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) का आयात बढ़ाना शुरू कर दिया है।
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, आंकड़ों में जानकारी दी गई है कि नवंबर में यूरोप का LNG आयात 10.11 मिलियन टन तक पहुंचने का अनुमान है, जबकि अक्टूबर में यह 8.99 मिलियन टन था. हालांकि, नवंबर 2025 के 11.81 मिलियन टन के मुकाबले यह अभी भी कम है. अगर यूरोप में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ती है, तो हीटिंग के लिए गैस की मांग और बढ़ सकती है. ऐसे में उसे अपनी जरूरत पूरी करने के लिए इंटरनेशनल मार्केट से ज्यादा गैस खरीदनी होगी।
एशियाई देशों में बढ़ सकती है गैस की कीमत
गैस की सप्लाई सीमित होने के बीच यूरोप की बढ़ती मांग का असर एशियाई बाजार पर भी पड़ सकता है. LNG की खरीदारी के लिए यूरोप और एशिया के देश एक ही ग्लोबल मार्केट पर निर्भर हैं. ऐसे में यूरोप अगर ज्यादा कीमत देकर गैस खरीदता है, तो सप्लायर अपने जहाजों को उन बाजारों की तरफ भेज सकते हैं जहां उन्हें बेहतर दाम मिल रहे हों।
इससे एशियाई देशों के लिए गैस खरीदना महंगा हो सकता है. नवंबर में एशिया का LNG आयात करीब 21.32 मिलियन टन रहने का अनुमान है, जो अक्टूबर के 22.81 मिलियन टन से कम है. चीन और जापान जैसे बड़े खरीदार भी ऊंची कीमतों के चलते आयात में कटौती कर रहे हैं।
कतर से सप्लाई में परेशानी ने बढ़ाई चिंता
गैस की कीमतों पर दबाव की एक बड़ी वजह कतर से होने वाली सप्लाई में कमी भी है. कतर दुनिया के प्रमुख LNG निर्यातकों में शामिल है, लेकिन पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उसके निर्यात पर असर पड़ा है. कतर से होने वाली सप्लाई में कमी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की उपलब्धता घटा दी है।
इसका असर कीमतों पर भी दिख रहा है. उत्तर एशिया में LNG की स्पॉट कीमत 13 नवंबर तक के सप्ताह में 31.30 डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (mmBtu) तक पहुंच गई. यह फरवरी के अंत में मौजूद 10.40 डॉलर के स्तर से करीब तीन गुना ज्यादा है. स्पॉट कीमत का मतलब है कि तत्काल या कम समय में डिलीवरी के लिए गैस किस भाव पर खरीदी जा रही है।
क्या भारत में महंगी होगी LPG?
भारत अपनी जरूरत की नेचुरल गैस और LPG का एक बड़ा हिस्सा आयात करता है. इसलिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतें बढ़ने और सप्लाई प्रभावित होने का असर देश पर भी पड़ सकता है. अगर यूरोप की मांग बढ़ने से एशिया के लिए उपलब्ध LNG कम होती है, तो भारत को गैस खरीदने के लिए ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है।
इसका असर इंडस्ट्री, बिजली प्रोडक्ट्शन और उन सेक्टर्स पर पड़ सकता है जो नेचुरल गैस का इस्तेमाल करते हैं. वहीं, LPG के मामले में भी इंटरनेशनल सप्लाई और कीमतों का महत्व है. हालांकि, LNG और LPG अलग-अलग प्रोडक्ट हैं, इसलिए दोनों की कीमतों पर असर एक जैसा या तुरंत होना जरूरी नहीं है. भारत में घरेलू LPG की कीमतें और उपलब्धता सरकार की नीतियों, आयात व्यवस्था और घरेलू सप्लाई जैसे कई फैक्टर्स पर भी निर्भर करती हैं।
फिलहाल सबसे बड़ी चिंता यह है कि यूरोप को सर्दियों के दौरान अपनी जरूरत पूरी करने के साथ-साथ बाद में गैस के रिजर्व भी दोबारा भरने होंगे. ऐसे में इंटरनेशनल मार्केट में गैस की मांग लंबे समय तक ऊंची रह सकती है. इसका असर भारत के आयात बिल और ऊर्जा की कीमतों पर पड़ने की आशंका है।








