Edition

नशा मुक्ति के लिए अशोकनगर पुलिस की अभिनव पहल ‘स्वजन सहयोग कार्यक्रम’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास से जोड़ने का प्रयास

भोपाल
नशा मुक्त समाज के निर्माण और नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा कानून सम्मत कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता एवं जनजागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में अशोकनगर पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में ‘स्वजन सहयोग कार्यक्रम’ प्रारंभ किया गया है। इस अभिनव पहल के माध्यम से नशे के अवैध कारोबार में पूर्व में संलिप्त रहे व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने, उनके परिजनों से संवाद स्थापित करने तथा नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपचार, सहयोग एवं पुनर्वास के जरिए समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में पुलिस टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं नशे के कारोबार में पूर्व में संलिप्त रहे व्यक्तियों के घर पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की गई। इस दौरान संबंधित व्यक्तियों की वर्तमान गतिविधियों एवं स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही परिजनों से अपील की गई कि यदि संबंधित व्यक्ति पुनः किसी अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त होता है अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

नशा छोड़कर मुख्यधारा में लौटे व्यक्ति को किया सम्मानित, नगर रक्षा समिति में दी जिम्मेदारी
‘ स्वजन सहयोग कार्यक्रम’ के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक कार्यालय अशोकनगर में नशे से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिजनों के साथ विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नशा छोड़कर सामान्य जीवन में लौट चुके व्यक्तियों के अनुभव भी साझा किए गए। कार्यक्रम में नशा छोड़ चुके व्यक्ति ने बताया कि वह पूर्व में नशे का आदी था, लेकिन अशोकनगर पुलिस के सहयोग से नशा मुक्ति केंद्र में उपचार प्राप्त करने के बाद उसने नशा छोड़ दिया और अब सामान्य जीवन व्यतीत करते हुए समाज की मुख्यधारा से जुड़ गया है। उसके इस सकारात्मक बदलाव एवं प्रयासों की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा द्वारा उसे सम्मानित किया गया तथा नगर रक्षा समिति में शामिल किया।

उपचार, पुनर्वास एवं सामान्य जीवन में वापसी के लिए पुलिस करेगी सहयोग
पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने परिजनों को आश्वस्त किया कि नशा मुक्ति के प्रयासों में आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस हरसंभव सहयोग करेगी। नशा छोड़कर सामान्य जीवन प्रारंभ करने वाले व्यक्तियों को जीवनयापन एवं पुनर्वास के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य नशे से प्रभावित व्यक्तियों को केवल समस्या के रूप में देखने के बजाय उन्हें उपचार, परिवार के सहयोग एवं सकारात्मक वातावरण के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

मध्यप्रदेश पुलिस की अपील
नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस के साथ परिवार एवं समाज की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आमजन अवैध मादक पदार्थों की बिक्री अथवा नशे के कारोबार से संबंधित किसी भी जानकारी को तत्काल पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। वहीं, नशे की गिरफ्त में आए व्यक्तियों को उपेक्षित करने के बजाय उन्हें उपचार, सहयोग एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान कर सामान्य जीवन में लौटने के लिए प्रेरित करें। नशा मुक्त समाज के निर्माण में मध्यप्रदेश पुलिस के सहयोगी बनें।

 

Aditya
Author: Aditya

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!