Edition

बांका में जनजातीय गौरव पखवाड़े का भव्य आयोजन, बिरसा मुंडा की जयंती पर संस्कृति और परंपरा का दिखा रंग….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मझगवां। जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा ‘जनजातीय गौरव पखवाड़ा’ के तहत रविवार को जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजन जय बिरसा मुंडा शोध समिति बांका के सहयोग से हुआ।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह मुख्य अतिथि रहे। मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामाजिक कार्यकर्ता चूणामणि सिंह ने की।

आयोजन में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कृष्णा देवी वनवासी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, जबकि सीएम राइज विद्यालय मझगवां, कपूर एजुकेशन एकेडमी, ज्ञानोदय हाई स्कूल बिरसिंहपुर, लिटिल फ्लावर बिरसिंहपुर और रामनाथ आश्रम शाला के विद्यार्थियों ने आदिवासी संस्कृति, नशामुक्ति, भगवान बिरसा मुंडा तथा लोक परंपराओं पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं, आदर्श अभिभावकों, उत्कृष्ट शिक्षकों और प्रगतिशील कृषकों का सम्मान किया गया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शामिल टीमों को भी पुरस्कृत किया गया। दीनदयाल शोध संस्थान की ओर से जनजातीय क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की रूपरेखा स्वावलंबन अभियान के प्रभारी डॉ. अशोक पाण्डेय ने प्रस्तुत की।

सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा स्वाभिमान, गौरव, सांस्कृतिक एकता और स्वतंत्रता के प्रतीक हैं। जय बिरसा मुंडा शोध समिति बांका की अध्यक्ष सोना बाई सिंह ने जनजातीय समाज से नशामुक्ति का आह्वान किया।

राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि शिक्षा से जीवन और समाज में बदलाव आता है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के संघर्ष का उल्लेख किया। अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल रौतेल ने जनजातीय समाज को धर्मांतरण से बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बिरसिंहपुर में सांदीपनि विद्यालय खोलने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त ग्राम और नशामुक्त जीवन के लिए उपस्थित लोगों को पांच सूत्रीय शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के समापन पर सामाजिक कार्यकर्ता चूणामणि सिंह ने अतिथियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद भंडारा प्रसाद का आयोजन किया गया।

63 गांवों में पहुंचेगी पोषण वाटिका की मुहिम… जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र चित्रकूट और जन शिक्षण संस्थान की संयुक्त पहल से मानिकपुर क्षेत्र के 63 ग्रामों में पोषण वाटिका अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत कोल समाज के कृषक परिवारों को पोषणयुक्त आहार और संतुलित भोजन के प्रति जागरूक करते हुए प्रत्येक घर में पोषण वाटिका विकसित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

इस दौरान परिवारों ने कुपोषण मुक्त जीवन और पोषणयुक्त आहार अपनाने का संकल्प लिया।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!