Edition

जबलपुर से जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ, CM मोहन यादव बोले- बिरसा मुंडा का संघर्ष जनजातीय स्वाभिमान की पहचान……

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके और कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके की मौजूदगी में ₹133.05 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, जनजातीय धर्मगुरुओं, कलाकारों और प्रतिभाओं का सम्मान……

जबलपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर शनिवार को जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव सप्ताह का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए जनजातीय समाज के संघर्ष, स्वाभिमान और योगदान को याद किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, मध्यप्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और जनजातीय समाज के प्रमुखजन मौजूद रहे।

समारोह के दौरान ₹133.05 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। जनजातीय धर्मगुरुओं का अभिनंदन कर उनका आशीर्वाद लिया गया तथा देश-विदेश में अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से मध्यप्रदेश का नाम रोशन करने वाले जनजातीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए गए।

बिरसा मुंडा ने संस्कृति और स्वाभिमान के लिए किया संघर्ष…. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष और बलिदान की परंपरा से जुड़ा है। भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के साथ जनजातीय समाज की पहचान, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के अनेक नायकों ने देश और अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। बिरसा मुंडा सहित इन महान नायकों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय नायकों को सम्मान और पहचान दिलाने तथा उनकी संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में भी जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

दुर्गादास उइके ने जनजातीय विरासत को सम्मान देने पर दिया जोर….. केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने जनजातीय गौरव सप्ताह के आयोजन को समाज की संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत को सामने लाने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के नायकों के योगदान को याद करने के साथ उनकी गौरवशाली परंपराओं और उपलब्धियों को सम्मान दिया गया।

संपतिया उइके बोलीं- बिरसा मुंडा का त्याग और साहस हमेशा प्रेरणा देगा…

मध्यप्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि उनका त्याग, संघर्ष, अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज केवल अपनी संस्कृति और परंपराओं के लिए ही नहीं, बल्कि देश के इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष में अपने योगदान के लिए भी महत्वपूर्ण स्थान रखता है। जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

संपतिया उइके ने कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण एवं सम्मान सामूहिक जिम्मेदारी है। सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

जनजातीय प्रतिभाओं और धर्मगुरुओं का सम्मान…. कार्यक्रम में जनजातीय धर्मगुरुओं का अभिनंदन किया गया। देश-विदेश में अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से मध्यप्रदेश को गौरवान्वित करने वाले जनजातीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ वितरित कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कुंवर विजय शाह, सांसद आशीष दुबे, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह टेकाम, विधायकगण, वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और जनजातीय समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।

18 नवंबर तक चलेगा जनजातीय गौरव सप्ताह….. प्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। सप्ताह के दौरान विभिन्न जिलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, जनजातीय नायकों की स्मृति में आयोजन, स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों से संवाद और जनजागरूकता कार्यक्रम होंगे।

जबलपुर से शुरू हुए इस राज्य स्तरीय आयोजन में भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के उन सभी नायकों को याद किया गया, जिन्होंने अपनी संस्कृति, अधिकारों, समाज और मातृभूमि के लिए संघर्ष किया। समारोह का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को सम्मान देना और नई पीढ़ी को उसके इतिहास एवं योगदान से जोड़ना रहा।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!