पन्ना में मवेशी को अलग करने के विवाद में मारपीट, एक परिवार के 6 लोग घायल…’

पन्ना जिले के मडैयन गांव में भैंसों के झुंड से अपना पड़वा अलग करने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी से हमला किया गया। घटना में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पड़वा अलग करने पर शुरू हुआ विवाद…पुलिस के मुताबिक, गुरुवार 12 नवंबर को 19 वर्षीय रामनारायण कुशवाहा अपने चाचा रामप्रताप के साथ लापता पड़वा खोजकर घर लौट रहा था। इसी दौरान विजय कुशवाहा के घर के सामने लगे नल के पास पड़वा को भैंसों के झुंड से अलग करने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद विजय ने रामनारायण के साथ डंडे से मारपीट की।
बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी हमले का आरोप…शोर सुनकर रामनारायण के परिजन बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद विजय ने अपने पिता रामचरण और बेटे अनुराग को बुला लिया। मारपीट में परिवार के छह लोग घायल हुए। घायलों में हरीराम, रामप्रताप, रामचंद्र, रामनारायण, पार्वती और रामकुमारी शामिल हैं।
तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज…कोतवाली पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर विजय कुशवाहा, रामचरण कुशवाहा और अनुराग कुशवाहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस प्रकरण की विवेचना कर रही है।
#PannaNews #CrimeNews #MadhyaPradeshNews #VindhyaNews #RewanchalRoshni









