Edition

दो दिवसीय भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में संगठन मजबूती, वैचारिक विस्तार और मिशन 2047 पर मंथन…..

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस के पास विचारधारा नहीं, इसलिए बार-बार हुआ विघटन : हेमंत खंडेलवाल।

युवा नेता संजय तीर्थवानी के साथ इलेक्ट्रिक वाहन में नजर आए प्रदेश अध्यक्ष, ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संदेश बना चर्चा का केंद्र…..

कांग्रेस पर भाजपा का वैचारिक हमला, मिशन 2047 का मंत्र…

सतना में भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिलास्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग’ का रविवार को शुभारंभ हुआ, जबकि सोमवार को उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की मौजूदगी में इसका समापन किया गया। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान संगठन को मजबूत बनाने, वैचारिक रूप से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने और बूथ स्तर तक पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रशिक्षण वर्ग के शुभारंभ अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की अपनी कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं रही, इसी कारण समय-समय पर उसका विघटन होता रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा अपने सिद्धांतों पर अडिग रही है और यही कारण है कि आज वह दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने राम मंदिर, धारा 370 और एक देश-एक संविधान जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा ने कभी अपने मूल सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उन्होंने पार्टी को खड़ा करने वाले पुराने कार्यकर्ताओं के संघर्ष, समर्पण और त्याग को याद करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों में कार्यकर्ताओं ने अपने खून-पसीने से संगठन को मजबूत किया है।

इस दौरान विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय तीर्थवानी के साथ प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल इलेक्ट्रिक वाहन (EV) में बैठे दिखाई दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए नेताओं का इलेक्ट्रिक वाहन में सफर आकर्षण का केंद्र बना रहा। इसे स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक जीवनशैली के संदेश के रूप में भी देखा गया।

प्रशिक्षण वर्ग में वैचारिक अधिष्ठान विषय पर संभागीय संगठन प्रभारी विजय दुबे ने कहा कि भाजपा पूरी तरह विचारधारा आधारित दल है, जो राष्ट्र प्रथम की अवधारणा से प्रेरित होकर कार्य करती है।

सांसद गणेश सिंह ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।

वहीं विंध्य विकास प्राधिकारण के उपाध्यक्ष संजय तीर्थवानी कहा कि भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और जनकल्याण के भाव से काम कर रहे हैं।

प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन पहुंचे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक अनुशासन, जनसंपर्क और सेवा भाव का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक वैचारिक संगठन और राष्ट्र निर्माण का मिशन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में संगठन विस्तार, कार्यकर्ता प्रशिक्षण, वैचारिक मजबूती और जनता के बीच सक्रिय संवाद जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

Amit Mishra
Author: Amit Mishra

Group Editor, Rewanchal Roshni News Group

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें