रीवा में बकरी व्यापारी की हत्या के 48 घंटे बाद भी आरोपी फरार, परिजनों ने दी चक्काजाम की चेतावनी..

रीवा जिले के अतरैला थाना क्षेत्र में बकरी व्यापारी लाखू चिकवा की हत्या के मामले में घटना के 48 घंटे बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। 60 वर्षीय व्यापारी का शव करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में दफन मिला था। आरोपियों का सुराग नहीं मिलने से परिजनों में नाराजगी है। उन्होंने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा चक्काजाम और धरना देने की चेतावनी दी है।
बकरी खरीदने के लिए घर से निकले थे लाखू चिकवा…चौखंडी गांव निवासी लाखू (लक्खू) चिकवा बकरी का व्यापार करते थे। वह व्यापार के सिलसिले में चांद गांव जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश शुरू की तो उनकी बाइक सड़क किनारे झाड़ियों में मिली।
आसपास ताजी मिट्टी दिखाई देने पर परिजनों को संदेह हुआ। जांच करने पर करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में उनका शव दफन मिला। शनिवार सुबह बौलिया घाट से चांद रोड के बीच शव बरामद किया गया था।
डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य….शव मिलने की सूचना पर अतरैला थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची थी। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। शुरुआती आशंका लूटपाट के इरादे से हत्या किए जाने की जताई गई थी।
डभौरा एसडीओपी नारायण कुम्हारे ने पहले बताया था कि मामला हत्या का है और पुलिस इसकी जांच कर रही है।
परिजनों ने फिर चक्काजाम की चेतावनी दी…मृतक के परिजन भोलू चिकवा ने कहा कि हत्या के 48 घंटे बीतने के बाद भी आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। इससे परिवार में नाराजगी है।
परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे दोबारा चक्काजाम करेंगे और धरने पर बैठेंगे। उनकी मांग है कि लाखू चिकवा की हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।
#RewaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #JusticeForLakhu #RewanchalRoshni









