चित्रकूट के गधा मेले में 72 हजार में बिका ‘चंकी पांडेय’, अमिताभ-शाहरुख के नाम वाले गधे सस्ते रहे…

चित्रकूट में दीपावली मेले के दौरान मंदाकिनी नदी किनारे सोमवार सुबह पारंपरिक गधा मेला आयोजित हुआ। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान सहित कई राज्यों से व्यापारी गधे लेकर पहुंचे। इस बार मेले में फिल्मी सितारों के नाम वाले गधे आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें ‘चंकी पांडेय’ नाम का गधा 72 हजार रुपए में बिका और सबसे महंगा रहा।
अमिताभ और शाहरुख के नाम वाले गधे 50 हजार से कम में बिके…मेले में अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, मिथुन चक्रवर्ती और संजय कपूर जैसे फिल्मी सितारों के नाम वाले गधे भी पहुंचे। व्यापारियों के मुताबिक, चंकी पांडेय नाम का काले रंग का गधा 72 हजार रुपए में खरीदा गया। वहीं, अमिताभ, शाहरुख और मिथुन नाम वाले गधों की कीमत 50 हजार रुपए से कम रही।
नस्ल और कद-काठी से तय होती है कीमत…मेले में गधों की कीमत उनकी नस्ल, लंबाई, कद-काठी और शारीरिक क्षमता के आधार पर तय की जाती है। व्यापारी कई दिन पहले से गधों को लेकर पहुंचने की तैयारी करते हैं। इस पारंपरिक मेले में एक दिन के दौरान बड़ी संख्या में गधों की खरीद-बिक्री होती है।
औरंगजेब के शासनकाल से जुड़ी है परंपरा…स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, चित्रकूट में गधा मेले की शुरुआत मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में हुई थी। तभी से यहां दीपावली मेले के दौरान गधों की खरीद-बिक्री की परंपरा चली आ रही है।
#ChitrakootNews #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #TraditionalFair #RewanchalRoshni









