सतना के बिरसिंहपुर में सराफा व्यापारी के घर डेढ़ करोड़ के जेवर चोरी, पुलिस जांच में जुटी…

सतना। जिले के सभापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसिंहपुर में सराफा व्यापारी के घर चोरी का मामला सामने आया है। व्यापारी दीपू सोनी के घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की जानकारी मिली है। व्यापारी ने चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर से लौटने पर नहीं खुला घर का दरवाजा…जानकारी के अनुसार, दीपू सोनी 4 नवंबर को अपनी पत्नी के साथ जबलपुर गए थे। 5 नवंबर की शाम करीब 7 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का बाहरी दरवाजा नहीं खुला। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने इसे फंसा हुआ समझा और सुबह मिस्त्री बुलाने का निर्णय लिया। इसके बाद दंपती दुकान में ही रुक गए।
शुक्रवार सुबह कर्मचारी के साथ दोबारा घर में जाने का प्रयास किया गया। दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसी के मकान की छत से घर के पिछले हिस्से की ओर देखा गया, जहां एक दरवाजा आधा खुला दिखाई दिया। इसके बाद कर्मचारी छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचा।
दीवान और अलमारी में रखे जेवर गायब…घर के अंदर पहुंचने पर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खुलने के बाद व्यापारी और उनकी पत्नी ने अंदर जाकर देखा तो दीवान और अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। व्यापारी के अनुसार, चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। घर का अन्य सामान व्यवस्थित मिला और किसी तरह की बड़ी तोड़फोड़ दिखाई नहीं दी।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही पुलिस..घटना की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी प्रेमलाल कुर्वे और सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
पुलिस आसपास और दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घर में प्रवेश किस रास्ते से किया गया और चोरी की वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया।
सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी के अनुसार, पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और मामले की जांच जारी है। चोरी गए सामान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
#SatnaNews #MadhyaPradeshNews #CrimeNews #RewanchalRoshni #VindhyaNews









