रीवा में खेत की तारबंदी में दौड़ रहा था करंट, चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती की मौत….

रीवा जिले के जवा थाना क्षेत्र में करंट की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवती की मौत हो गई। घटना 3-4 नवंबर की रात की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवती रात में घर से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में पहुंची थी। खेत के चारों ओर लगी लोहे के तारों की बाड़ में करंट प्रवाहित हो रहा था। तार पार करने की कोशिश के दौरान युवती उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रेमी ने परिजनों को दी सूचना….बताया गया कि युवती का एक युवक से परिचय था, जो दूसरे गांव का रहने वाला है। घटना वाली रात युवक पहले से खेत में मौजूद था। युवती के करंट की चपेट में आने के बाद युवक ने उसके भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज….जवा थाने के एएसआई अखिलेश्वर सिंह के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि खेत के चारों ओर लोहे के कंटीले तार लगाए गए थे, जिनमें करंट प्रवाहित किया जा रहा था।
पुलिस ने खेत मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। युवती के साथ मौजूद युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









