सतना में दो दिन में डेंगू के 5 नए मरीज मिले, एक महीने में संख्या 10 पहुंची….

सतना जिले में डेंगू के नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। पिछले दो दिनों में पांच मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। गौरतलब है कि 1 नवंबर को डेंगू से 30 वर्षीय राजेश कोरी की मौत हुई थी। इसके बाद उनकी गर्भवती पत्नी और भाई की एलाइजा जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
मृतक की पत्नी और भाई की रिपोर्ट पॉजिटिव…जानकारी के अनुसार, राजेश कोरी की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने परिवार के 10 सदस्यों के रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे थे। इनमें उनकी पत्नी प्रियंका कोरी (25) और भाई अजय कोरी (18) की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है।
प्रियंका सात महीने की गर्भवती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें अस्पताल में भर्ती होकर विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार कराने की सलाह दी है।
दो दिनों में पांच नए मामले आए सामने…स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, बगहा निवासी राजकुमार कुशवाहा की रिपोर्ट भी डेंगू पॉजिटिव आई है। उनका उपचार बिरला अस्पताल में चल रहा है। पिछले दो दिनों में जिले में कुल पांच नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल हैं। इसके अलावा रामनगर और बगहा क्षेत्र से भी मरीज मिले हैं।
मलेरिया विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक महीने में जिले में डेंगू के कुल 10 मरीज सामने आए हैं।
निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों को नोटिस…डेंगू के मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम और पैथोलॉजी सेंटरों को नोटिस जारी किए हैं।
सीएमएचओ डॉ. मनोज शुक्ला ने निर्देश दिए हैं कि डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के पॉजिटिव मरीजों की जानकारी तत्काल आईएचआईपी पोर्टल पर दर्ज की जाए। विभाग ने निर्धारित जानकारी उपलब्ध नहीं कराने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाई…डेंगू के मामलों की जानकारी समय पर दर्ज कराने और मरीजों के उपचार पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। खासकर गर्भवती महिला के मामले में विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखरेख की सलाह दी गई है।
#SatnaNews #DengueCases #HealthNews #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









