रीवा। आईजी गौरव राजपूत की सख्त कार्यशैली और नशे के खिलाफ बनाई गई आक्रामक रूपरेखा का असर अब पूरे रीवा जोन में साफ दिखाई देने लगा है। पदभार संभालने के बाद से ही आईजी रीवा द्वारा नशे के कारोबारियों, अवैध गतिविधियों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत मैहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध स्मैक पाउडर और कार सहित गिरफ्तार किया है।

बताया गया कि पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. चंचल नागर तथा नगर पुलिस अधीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

दिनांक 23 मई 2026 को थाना कोतवाली मैहर पुलिस वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान कटनी रोड के पास ग्रे रंग की अल्टो कार क्रमांक MP 19 CB 2911 को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से 20 पुड़ियों में रखा कुल 4.6 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई, उसे भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी रोहित उर्फ सोनू बंगाली तथा अतुल पांडे को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना कोतवाली मैहर में धारा 8 एवं 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक संतोष उलाडी, प्रधान आरक्षक पुष्पेन्द्र वर्मा, रजनीश मिश्रा, आरक्षक राजेन्द्र सिंह और मोहित वैष्णव की भूमिका सराहनीय रही।
रीवा जोन में आईजी गौरव राजपूत के पदभार संभालने के बाद जिस तरह नशे के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है, उससे अपराधियों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है। पुलिस का साफ संदेश है कि नशे का कारोबार करने वालों के लिए अब किसी भी स्तर पर राहत नहीं होगी और आने वाले दिनों में ऐसे तत्वों पर और भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।









