पन्ना में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 4 आरोपी गिरफ्तार; 40.86 बल्क लीटर शराब और बाइक जब्त…

पन्ना जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 40.86 बल्क लीटर देशी शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई। विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मनोर मार्ग पर बाइक सवार दो आरोपी पकड़े गए….आबकारी विभाग को मुखबिर से मनोर मार्ग पर अवैध शराब ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने टीम के साथ घेराबंदी की। इस दौरान बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध जंगल की ओर भागने लगे। टीम ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान एक बोरी से तीन कार्टन बरामद हुए, जिनमें 100 पाव प्लेन और 50 पाव मसाला देशी शराब रखी थी। इसकी कुल मात्रा 27 बल्क लीटर और अनुमानित कीमत 13 हजार 50 रुपये बताई गई। इसके साथ करीब 65 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पटेल निवासी राजनगर और धर्मेंद्र राय निवासी टीकमगढ़ के रूप में हुई है।
दुकान और मकान से भी बरामद हुई शराब…विभाग की दूसरी कार्रवाई जनकपुर में हुई। यहां कालीचरण अहिरवार की चाय-नाश्ते की दुकान की तलाशी लेने पर 35 पाव देशी शराब सादा बरामद की गई, जिसकी कीमत 2 हजार 625 रुपये बताई गई।
वहीं, तीसरी कार्रवाई ग्राम लक्ष्मीपुर में की गई। यहां राकेश अहिरवार के रिहायशी मकान से 42 पाव देशी शराब सादा जब्त की गई। इसकी अनुमानित कीमत 3 हजार 150 रुपये आंकी गई है।

आबकारी एक्ट के तहत चारों आरोपियों पर केस…आबकारी विभाग ने चारों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। विभाग अब जब्त शराब के स्रोतों का पता लगाने में जुटा है।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और कलेक्टर हर्ष सिंह के दिशा-निर्देशों पर जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के नेतृत्व में की गई। अभियान में सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव सहित आबकारी विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
#PannaNews #IllegalLiquor #MadhyaPradeshNews #ExciseDepartment #RewanchalRoshni









