पन्ना के नरदहा गांव में लाठी-डंडों से हमला, एक ही परिवार के 5 लोग घायल….

पुराने लेनदेन को लेकर हुआ विवाद; पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, सुरक्षा और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग..

पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र के नरदहा गांव में पुराने लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक ही परिवार के पांच लोगों के घायल होने का मामला सामने आया है। घटना 25 अक्टूबर की रात की बताई गई है। घायल प्रीतम सोनकर, उनके पिता लल्लू सोनकर, मां प्रेमकली, चाचा फल्लू सोनकर और चाची केशकली हैं। धरमपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, 27 अक्टूबर को पीड़ित परिवार ने पन्ना एसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय और सुरक्षा की मांग की।

दुकान से लौटते समय रोककर मारपीट का आरोप….शिकायतकर्ता प्रीतम सोनकर के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात दुकान बंद कर घर लौटते समय प्रेमीलाल सोनकर के घर के सामने महेंद्र सोनकर, सुरेंद्र सोनकर और विमला सोनकर ने उन्हें रोक लिया। पुराने लेनदेन को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
प्रीतम को बचाने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, हमले में परिवार के सदस्यों के सिर, कंधे और हाथों में चोटें आईं। बीच-बचाव होने के बाद आरोपी धमकी देकर चले गए।
चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज….पुलिस ने महेंद्र सोनकर, सुरेंद्र सोनकर, प्रेमीलाल सोनकर और विमला सोनकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

एसपी से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग….पीड़ित परिवार ने एसपी को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि हमलावरों की नीयत जान से मारने की थी और हमले में धारदार व भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल, मारपीट और हथियारों के इस्तेमाल से जुड़े आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। इनकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
#PannaNews #CrimeNews #PoliceComplaint #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









