मैहर में नाबालिग के अपहरण और दैहिक शोषण का आरोपी उमरिया से गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल…

26 दिन पहले किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप, बदेरा पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत की कार्रवाई
मैहर। मैहर जिले के बदेरा थाना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण और दैहिक शोषण के मामले में 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान उमरिया जिले के रोहनिया निवासी करण सिंह चौहान, पिता नृपेन्द्र सिंह, के रूप में हुई है। पुलिस ने रविवार को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
29 सितंबर को लापता हुई थी किशोरी….पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को एक नाबालिग किशोरी के लापता होने की शिकायत परिजनों ने दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। तलाश के दौरान पुलिस ने किशोरी को दस्तयाब कर लिया।
बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप….पुलिस के मुताबिक, किशोरी ने अपने बयान में बताया कि रिश्तेदारी में आने-जाने के दौरान उसकी पहचान करण सिंह चौहान से हुई थी। आरोप है कि युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और एक कमरे में रखकर उसके साथ दैहिक शोषण किया। पुलिस का दबाव बढ़ने पर आरोपी किशोरी को छोड़कर फरार हो गया।
पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई….किशोरी के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाईं। इसके बाद आरोपी की तलाश तेज की गई। रविवार सुबह मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है।
#MaiharNews #CrimeNews #POCSOAct #MadhyaPradeshNews #RewanchalRoshni









