सतना। शहर के भरहुत नगर में मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड की लीज निरस्त करने की कार्रवाई को लेकर रहवासियों ने विरोध जताया है। व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर जारी नोटिस के बाद गुरुवार शाम रहवासी विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा और शंभूचरण दुबे के साथ कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस. से मिलने पहुंचे। रहवासियों ने करीब 40 साल बाद लीज निरस्त करने की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पहले कॉलोनी के दस्तावेजों और जमीन के उपयोग की जांच कराने की मांग की।

मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने नगर निगम कमिश्नर, डिप्टी कमिश्नर और मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड की प्रभारी कार्यपालन यंत्री अनुष्का जैन से भरहुत नगर से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। कलेक्टर ने दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा रहवासियों को दिया।
40 साल बाद कार्रवाई पर उठाए सवाल
रहवासियों का कहना है कि भरहुत नगर में लंबे समय से विभिन्न गतिविधियां संचालित होती रही हैं। कॉलोनी में मिश्रित लैंडयूज से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए अचानक लीज निरस्त करने की कार्रवाई पर उन्होंने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि किसी भी कार्रवाई से पहले पुराने दस्तावेजों, लीज की शर्तों और जमीन के वास्तविक उपयोग की स्थिति की जांच की जानी चाहिए।
रहवासियों ने भरहुत नगर को फ्री होल्ड किए जाने की मांग भी रखी। उनका कहना है कि वर्षों से यहां रहने वाले लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए दस्तावेजों की पूरी जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर ने मांगे कॉलोनी के दस्तावेज

कलेक्टर से हुई चर्चा के बाद अब नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड के दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसके बाद लीज निरस्तीकरण और व्यावसायिक उपयोग से जुड़े मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मुलाकात के दौरान सुहास त्रिपाठी, डॉ. राकेश अग्रवाल, सीए शैलेष जैन, हेमंत सिंह, डॉ. अखिलेश सिंह, साधना कपूर, डॉ. रेखा पांडेय, डॉ. अनुज पांडेय और कैलाश आयलानी सहित अन्य रहवासी मौजूद रहे।
#Satna #BharhutNagar #SatnaNews #MPHousingBoard #RewanchalRoshni








