सतना में 34 घंटे बाद स्टोन क्रेशर की खुली खदान से मिला 13 साल के किशोर का शव, 10 लाख मुआवजे के आश्वासन पर खत्म हुआ प्रदर्शन…

सतना। ककलपुर गांव में प्रभात स्टोन क्रेशर की खुली खदान में डूबे 13 वर्षीय किशोर का शव करीब 34 घंटे बाद गुरुवार तड़के बरामद हुआ। मृतक की पहचान ककलपुर निवासी लल्लू उर्फ अखिलेश साहू, पिता चंद्रभान साहू के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने खदान के पास प्रदर्शन कर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सामान लेने निकला था, फिर नहीं लौटा..

परिजनों के अनुसार, अखिलेश मंगलवार शाम करीब 6 बजे साइकिल से सामान लेने घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। खदान के पास उसकी साइकिल और कुछ सामान मिला। साइकिल खदान की बाउंड्री से लगी हुई थी, जबकि उसकी चप्पल पानी में तैरती मिली।
परिजनों ने किशोर के खदान में डूबने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। अंधेरा होने के कारण मंगलवार रात रेस्क्यू शुरू नहीं किया जा सका। बुधवार सुबह SDRF की टीम मौके पर पहुंची और खदान के पानी में किशोर की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका पता नहीं चल सका।
सुबह 4 बजे पानी में दिखा शव
गुरुवार सुबह करीब 4 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने खदान के पानी में शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया।
शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने उसे मौके पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खुली खदान के आसपास पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं। उनका कहना था कि खदान के आसपास चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा व्यवस्था होने से ऐसी घटनाओं को रोका जा सकता था।
10 लाख रुपए मुआवजे के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर टीआई संदीप चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की बातचीत के बाद खदान मालिक की ओर से 10 लाख रुपए मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया।
मुआवजे के आश्वासन के बाद ग्रामीण और परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रेवांचल रोशनी | साहस सच कहने का
SEO Keywords: Satna News, Satna Crime News, Kakalpur News, Stone Crusher Mine Accident, Satna Mine Accident, किशोर की मौत, खुली खदान में डूबा किशोर, SDRF Rescue, Satna Police, Kakalpur Stone Crusher
#SatnaNews #SatnaCrime #MadhyaPradeshNews #SatnaPolice #Kakalpur #MineAccident #RewanchalRoshni









