Edition

अनाथ बताकर युवती से दोस्ती, आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेलिंग; सतना में आरोपी गिरफ्ता…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अनाथ बताकर युवती से दोस्ती, आपत्तिजनक वीडियो से ब्लैकमेलिंग; आरोपी गिरफ्तार….

सतना। कोलगवां थाना पुलिस ने 25 वर्षीय युवती को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर लाखों रुपए की ज्वेलरी हड़पने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को अनाथ और बेसहारा बताकर युवती से दोस्ती की थी। बाद में उसने युवती के आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर कीमती गहने ले लिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ज्वेलरी बरामद कर ली है।

खुद को अनाथ बताकर बढ़ाई नजदीकी

कोलगवां थाना टीआई सुदीप सोनी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रवि कुमार पांडेय (32) रीवा जिले के खुटेही का रहने वाला है। वह पिछले कई वर्षों से सतना में किराए के कमरे में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को अनाथ और बेसहारा बताकर 25 वर्षीय युवती से जान-पहचान बढ़ाई।

युवती उसकी बातों में आ गई और आर्थिक स्थिति खराब समझकर समय-समय पर उसकी मदद करने लगी। पुलिस का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने युवती के घर पहुंचकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए।

वायरल करने की धमकी देकर गहने लिए

पुलिस के मुताबिक, फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने युवती को डराया। इसके बाद उसने घर में रखे कीमती सामान और ज्वेलरी की जानकारी ली। आरोप है कि धमकी देकर आरोपी लाखों रुपए कीमत के गहने लेकर चला गया। विरोध करने पर भी उसने युवती को डराकर चुप रहने के लिए कहा।

तीज पर सामने आया मामला

मामला 14 सितंबर को तीज के अवसर पर सामने आया। पीड़िता की मां और बहन ने जब घर में रखा बक्सा खोला तो उसमें गहने नहीं मिले। इसके बाद युवती ने हिम्मत जुटाकर परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर कोलगवां थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

युवती के बयान के आधार पर पुलिस ने BNS की धारा 308(2), 316(2), 318(4) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया।

आरोपी गिरफ्तार, ज्वेलरी बरामद

पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी रवि पांडेय की तलाश शुरू की और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर युवती से ली गई ज्वेलरी बरामद कर ली गई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

#Satna #CrimeNews #BlackmailingCase #KolgaonPolice #RewanchalRoshni

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!