छेरिहा-मारकुंडी हादसे में पंचायत मित्र देव कुमार यादव की मौत, सतना में इलाज के दौरान तोड़ा दम….
चित्रकूट। मारकुंडी थाना क्षेत्र में छेरिहा गांव से मारकुंडी की ओर जा रहे बाइक सवारों के साथ रविवार को सड़क हादसा हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल पंचायत मित्र देव कुमार यादव की रविवार देर शाम सतना में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

हादसे के बाद देव कुमार यादव को गंभीर हालत में मानिकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें सतना रेफर कर दिया। सतना में इलाज के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और रविवार देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।
सोमवार को हुआ पोस्टमार्टम
देव कुमार यादव के शव को चित्रकूट लाया गया, जहां सोमवार को मर्चरी हाउस में पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कई महीनों से नहीं मिला था मानदेय
देव कुमार यादव पंचायत मित्र के तौर पर काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, उन्हें पिछले कई महीनों से मानदेय नहीं मिला था। मानदेय नहीं मिलने के कारण परिवार पहले से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था। अब परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद आर्थिक संकट और गहरा गया है।

देव कुमार अपने पीछे पत्नी और एक बेटी छोड़ गए हैं। उनकी मौत की खबर से छेरिहा गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों ने परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग भी उठाई है।
#Chitrakoot #RoadAccident #PanchayatMitra #Satna #RewanchalRoshni









