Edition

सतना में 68 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, निर्माणाधीन मकान में सोते समय किया हमला; बाहर मिलीं 2 बाइक, आर्थिक लेनदेन के एंगल से जांच…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना में 68 वर्षीय बुजुर्ग की धारदार हथियार से हत्या, आर्थिक लेनदेन के एंगल से जांच…

सतना। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के भाद के पास पशुपतिनाथ कॉलोनी में 68 वर्षीय रमाशंकर गर्ग की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। उनका शव एक निर्माणाधीन मकान के कमरे में चारपाई पर खून से लथपथ हालत में मिला। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

कमरे से बदबू आने पर हुआ हत्या का खुलासा

हत्या का खुलासा शुक्रवार देर शाम हुआ। निर्माणाधीन मकान के आसपास रहने वाले लोगों को कमरे से बदबू आने पर संदेह हुआ। इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई। सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और बाहर से बंद मकान का दरवाजा खुलवाकर अंदर दाखिल हुई।

कमरे में चारपाई पर रमाशंकर गर्ग का शव पड़ा था। पुलिस के अनुसार, शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक के चेहरे और शरीर पर धारदार हथियार से कई गहरे घाव मिले हैं।

सोते समय हमला किए जाने की आशंका

घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि बुजुर्ग पर सोते समय हमला किया गया। कमरे में लगी मच्छरदानी भी कटी हुई मिली है। पुलिस इस तथ्य को भी जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा मानकर चल रही है।

बाहर मिलीं दो मोटरसाइकिलें

निर्माणाधीन मकान के बाहर दो मोटरसाइकिलें भी खड़ी मिली हैं। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर उनके मालिकों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। इसके अलावा मृतक के संपर्क में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

आर्थिक लेनदेन के एंगल पर जांच

प्रारंभिक जांच में आर्थिक लेनदेन से जुड़ी जानकारी सामने आई है। पुलिस मृतक के परिजनों, परिचितों और लेनदारों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

मृतक के बड़े बेटे मुंबई में रहते हैं और उनके शाम तक सतना पहुंचने की जानकारी है। इसके चलते शव का पोस्टमार्टम रविवार तक टाल दिया गया है। पुलिस घटनास्थल से मिले सुरागों, जब्त वाहनों और पूछताछ के आधार पर हत्या की वजह तथा आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

रेवांचल रोशनी — साहस सच कहने का

Follow & Connect:
Instagram: @REWANCHALROSHNI
Facebook: @REWANCHALROSHNI
YouTube: @REWANCHALROSHNI
Website: REWANCHALROSHNI.IN

#RewanchalRoshni #SatnaNews #SatnaCrime #MadhyaPradeshNews #CrimeNews

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!