सतना में कार की सीट के नीचे छिपाकर गांजा तस्करी, 2 आरोपी गिरफ्तार; 8 लाख की मराजो जब्त, एक फरार…

सतना। ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत नागौद थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा मराजो कार भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए है। मामले में एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
अटरा गांव में चेकिंग के दौरान पकड़ी कार
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर को अटरा गांव में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की महिंद्रा मराजो कार क्रमांक MP16BD1202 से गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अटरा में वाहन चेकिंग शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई। कार में रामू यादव (62), निवासी धवारी गली नंबर-5, सतना और कृष्णे कोल (18), निवासी महादेवा, सतना मिले।
सीट के नीचे मिला गांजे का पैकेट
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो सीट के नीचे खाकी रंग का एक पैकेट मिला। जांच करने पर पैकेट में 1 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल कार को भी अपने कब्जे में ले लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किया। दोनों आरोपियों को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक मामले में एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस गांजे के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
#SatnaNews #Nagod #GanjaSmuggling #CrimeNews #RewanchalRoshni









