सतना में मोबाइल चोरी के शक में 8 साल के बच्चे से मारपीट का आरोप, निर्वस्त्र कर हाथ-पैर बांधे; करंट लगाने और नाखून उखाड़ने की भी शिकायत..

सतना/चित्रकूट। सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र स्थित गुप्त गोदावरी में मोबाइल चोरी के शक में 8 साल के नाबालिग बच्चे को कथित तौर पर बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया। पीड़ित बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने 3 सितंबर को तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।
मोबाइल दुकान में ले जाकर मारपीट का आरोप
जानकारी के मुताबिक गुप्त गोदावरी में राजेश पटेल की मोबाइल की दुकान है। आरोप है कि मोबाइल चोरी के शक में राजेश पटेल और दो अन्य लोगों ने नाबालिग को दुकान के अंदर ले जाकर उसके कपड़े उतार दिए और हाथ-पैर बांधकर उसके साथ मारपीट की।

पीड़ित के पिता का आरोप है कि जब उन्हें घटना की जानकारी मिली तो वे दुकान पर पहुंचे। उन्होंने कथित तौर पर वीडियो बनाते हुए दुकान का शटर उठाया और अंदर गए। इसी दौरान आरोपियों ने उनका मोबाइल छीन लिया।
पिता ने लगाए गंभीर प्रताड़ना के आरोप
बच्चे के पिता ने आरोप लगाया है कि नाबालिग को प्रताड़ित करने के दौरान उसे करंट लगाया गया और उसके पैरों के नाखून तक उखाड़े गए। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चे के साथ मारपीट किए जाने का दावा किया जा रहा है।
हालांकि, करंट लगाने और नाखून उखाड़ने जैसे आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस वीडियो समेत उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
1 सितंबर की घटना, 3 सितंबर को FIR
पुलिस के अनुसार घटना 1 सितंबर की बताई जा रही है, जबकि पीड़ित के पिता की शिकायत पर 3 सितंबर को मामला दर्ज किया गया था। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद यह मामला सार्वजनिक चर्चा में आया।
चित्रकूट एसडीओपी राजेश सिंह बंजारे के मुताबिक, पिता की शिकायत पर राजेश पटेल पिता भैरमदीन पटेल, रिंकू पटेल पिता हीरालाल पटेल और शिवाकांत पटेल पिता स्वर्गीय कमलेश पटेल, सभी निवासी ग्राम टेढ़ी, थाना नयागांव, के खिलाफ अपराध क्रमांक 325/26 दर्ज किया गया है।
BNS की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 271(1), 133, 120(1), 296(A), 115(2), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सामने आए वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। बच्चे के साथ हुई कथित मारपीट और प्रताड़ना के संबंध में जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट होगी।
#SatnaNews #Chitrakoot #CrimeNews #ChildSafety #RewanchalRoshni









