सतना जिला अस्पताल के कंपाउंडर से 40 हजार रुपए गायब होने की शिकायत, जबरन कार में बैठाने का आरोप; CCTV में दिखी संदिग्ध कार..

सतना। सतना जिला अस्पताल में कंपाउंडर के पद पर कार्यरत दिलीप ने दो युवकों के खिलाफ उन्हें जबरन कार में बैठाने और बैंक से निकाले गए 40 हजार रुपए गायब होने की शिकायत कोलगवां थाने में की है। घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। शिकायत के बाद पुलिस ने शहर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस संदिग्ध कार और उसमें सवार युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

अस्पताल की सिस्टर का परिचित बताकर की बात
दिलीप के मुताबिक, उन्होंने मंगलवार को बैंक से 40 हजार रुपए निकाले थे। बैंक से बाहर निकलने के बाद दो युवक उनके पास पहुंचे। दोनों ने खुद को जिला अस्पताल की एक सिस्टर का परिचित बताया और उनसे चाय पीने चलने की बात कही।
दिलीप ने पुलिस को बताया कि उन्होंने युवकों के साथ जाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बावजूद दोनों युवक उन्हें जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। कुछ दूरी तक कार में ले जाने के बाद कृष्ण नगर मोड़ के पास उन्हें नीचे उतार दिया गया और दोनों युवक कार लेकर वहां से चले गए।
जेब चेक करने पर नहीं मिले 40 हजार
कार से उतरने के बाद दिलीप ने अपनी जेब देखी तो बैंक से निकाले गए 40 हजार रुपए नहीं मिले। इसके बाद उन्होंने कोलगवां थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
CCTV में शहर के अलग-अलग हिस्सों में दिखी कार
पुलिस ने स्मार्ट सिटी के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार शहर के कई हिस्सों में दिखाई दी। जांच के दौरान पुलिस को कार के नंबर को लेकर भी संदेह हुआ।
पुलिस के अनुसार, कार पर लगा नंबर फर्जी पाया गया है। बताया गया कि स्विफ्ट डिजायर पर क्रेटा कार का इंदौर का रजिस्ट्रेशन नंबर लगा हुआ था। इससे पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए किसी दूसरे वाहन का नंबर इस्तेमाल किया हो सकता है।
सर्किट हाउस से हाईवे तक CCTV फुटेज
CCTV फुटेज में संदिग्ध कार को सर्किट हाउस चौक से सिविल लाइन चौक की ओर जाते हुए देखा गया। इसके बाद कार कोठी रोड, बगहा बाईपास होते हुए हाईवे की तरफ जाती दिखाई दी। पुलिस इन सभी स्थानों की CCTV फुटेज को आपस में जोड़कर कार की आवाजाही और संभावित आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
कोलगवां पुलिस ने मामले की जांच के लिए CCTV फुटेज और अन्य जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस कार की पहचान के साथ उसमें सवार दोनों युवकों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में लगी हैं।
फिलहाल 40 हजार रुपए गायब होने की शिकायत और जबरन कार में बैठाने के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। जांच पूरी होने और संदिग्धों के पकड़े जाने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
#SatnaNews #CrimeNews #CCTVFootage #PoliceInvestigation #RewanchalRoshni









