सतना में कच्ची शराब की मिनी फैक्ट्री पर छापा, 35 क्विंटल महुआ लाहन नष्ट; 40 लीटर शराब जब्त…

सतना के नागौद क्षेत्र में आबकारी विभाग ने कच्ची शराब बनाने के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की। पिपरोखर और सेमरिहा टोला में दबिश देकर जमीन में गड्ढों और झाड़ियों में छिपाकर रखे 250 से ज्यादा प्लास्टिक डिब्बों में करीब 35 क्विंटल महुआ लाहन बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 56 हजार रुपए बताई गई है। टीम ने पंचनामा कार्रवाई के बाद मौके पर ही लाहन नष्ट कर दिया।

कार्रवाई के दौरान कच्ची शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान, बर्तन और 40 लीटर कच्ची शराब भी जब्त की गई। आबकारी विभाग ने मामले में अलग-अलग 8 प्रकरण दर्ज किए हैं। हालांकि छापेमारी के दौरान कोई आरोपी हाथ नहीं लगा। संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
यह कार्रवाई सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रदेशभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। जिला दंडाधिकारी डॉ. सतीश कुमार एस के निर्देश पर आबकारी विभाग की टीम को अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए अलर्ट किया गया है।
बताया जा रहा है कि पिपरोखर क्षेत्र में लंबे समय से कच्ची शराब बनाने और सप्लाई किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। विभाग अब इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटा है।
#सतना #Satna #नागौद #कच्चीशराब #अवैधशराब #आबकारीविभाग #महुआलाहन #शराबकेखिलाफकार्रवाई #SatnaNews #MadhyaPradeshNews #रेवांचलरोशनी #RewanchalRoshni









