Edition

सतना ब्लड बैंक में खून की भारी कमी, सिर्फ 21 यूनिट स्टॉक; निगेटिव ग्रुप कई बार हुआ खत्म…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सतना ब्लड बैंक में सिर्फ 21 यूनिट खून बचा, निगेटिव ग्रुप का स्टॉक बार-बार खत्म

सतना जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में एक बार फिर खून की कमी सामने आई है। बुधवार रात तक ब्लड बैंक में सिर्फ 21 यूनिट खून उपलब्ध था। दिन में कई बार अलग-अलग ब्लड ग्रुप का स्टॉक खत्म होने से जरूरतमंद मरीजों के परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक्सचेंज के जरिए भी कई बार समय पर ब्लड उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक थैलेसीमिया, सिकलसेल, कैंसर मरीजों और हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं को लगातार ब्लड उपलब्ध कराया जा रहा है। हर महीने करीब 200 यूनिट खून जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दिया जाता है, जबकि इसकी तुलना में रक्तदान कम होने से स्टॉक तेजी से घट रहा है।

जिला अस्पताल में सतना समेत आसपास के जिलों के 57 थैलेसीमिया मरीज रजिस्टर्ड हैं। इनमें 40 से अधिक मरीज नियमित रूप से ब्लड लेते हैं। कुछ मरीजों को महीने में तीन से चार यूनिट तक खून की जरूरत पड़ती है।

बुधवार रात करीब 8 बजे ओ-निगेटिव ब्लड ग्रुप का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया था। उस समय ए-पॉजिटिव 5, ए-निगेटिव 1, बी-पॉजिटिव 3, बी-निगेटिव 3, एबी-पॉजिटिव 3 और ओ-पॉजिटिव 6 यूनिट उपलब्ध थी। 10 यूनिट ब्लड की जांच भी चल रही थी।

खून की कमी को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने रक्तदाता समूहों और सामाजिक संस्थाओं से संपर्क शुरू कर दिया है। कॉलेजों में भी रक्तदान शिविर लगाने की तैयारी की जा रही है। ब्लड बैंक में पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के लिए नियमित रक्तदान की जरूरत बताई जा रही है।

#सतना #Satna #BloodBank #BloodDonation #रक्तदान #थैलेसीमिया #SickleCell #रेवांचलरोशनी #RewanchalRoshni #SatnaNews #MadhyaPradeshNews

Kishan Gupta
Author: Kishan Gupta

journalist

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!