सतना में 7.90 लाख का माल जब्त: 105 लीटर अवैध शराब और बिना नंबर की कार मिली, 3 आरोपी फरार….

सतना में आबकारी विभाग ने अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आदर्श नगर-हवाई पट्टी क्षेत्र में एक मकान से 105.5 लीटर अवैध शराब और बीयर बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 90 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा बिना नंबर की एक कार भी मिली, जिसकी कीमत करीब 7 लाख रुपए है। विभाग के अनुसार कुल 7.90 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है।
सहायक आबकारी आयुक्त सुरेंद्र कुमार उरांव ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि शामू खान, विक्की उर्फ राहुल सिंह और पप्पू सिंह बाहर से शराब लाकर बिना नंबर की कार से शहर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई कर रहे हैं। आदर्श नगर क्षेत्र को उन्होंने शराब सप्लाई का अड्डा बना रखा था।

सूचना की पुष्टि के बाद आबकारी टीम ने शनिवार रात देवी मंदिर के पास स्थित एक मकान पर दबिश दी। टीम को देखते ही तीनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पीछा करने के बावजूद आरोपी पकड़ में नहीं आए।
मकान की तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। विभाग ने शराब और कार को जब्त कर लिया है। फरार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार जिस मकान से शराब बरामद हुई, वह पिंटू सटोरिया का बताया जा रहा है। मामले में फरार तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
#Satna #IllegalLiquor #ExciseDepartment #MadhyaPradesh #CrimeNews #सतना #अवैधशराब #आबकारीविभाग #शराबतस्करी #रेवांचलरोशनी









