चित्रकूट के विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को बांटे नए वस्त्र, राहत कार्य लगातार जारी….
चित्रकूट। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के मार्गदर्शन में विंध्य विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष संजय तीर्थवानी के नेतृत्व में चित्रकूट के बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए चलाया जा रहा सेवा ही संकल्प अभियान सातवें दिन भी जारी रहा।
अभियान के तहत रामघाट चौराहा, प्रमोद वन, कटरा, बस स्टैंड और नयागांव क्षेत्र में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को आवश्यक नए वस्त्र वितरित किए गए। बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों ने राहत सामग्री प्राप्त की। वस्त्र वितरण में क्लॉथ मर्चेंट एसोसिएशन, सतना का भी सहयोग रहा।

संजय तीर्थवानी ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना सामाजिक जिम्मेदारी है। पिछले सात दिनों से अभियान के माध्यम से भोजन, पेयजल, वस्त्र और अन्य जरूरी सामग्री जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा रही है।
सामाजिक सरोकारों में सक्रिय रहने वाले तीर्थवानी धार्मिक, सामाजिक और अन्य सार्वजनिक आयोजनों में भी अपनी ओर से सहयोग के लिए जाने जाते हैं। बाढ़ आपदा के दौरान भी उन्होंने राहत कार्य को लगातार जारी रखते हुए प्रभावित परिवारों तक सीधे पहुंचने पर जोर दिया है।










