सतना में जन्माष्टमी शोभायात्रा के दौरान हादसा 15 फीट ऊंचे DJ साउंड बॉक्स से गिरे 4 युवक, 2 गंभीर घायल; CCTV फुटेज आया सामने…

सतना। जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार शाम सतना शहर में निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुभाष चौक के पास शोभायात्रा में शामिल डीजे वाहन के करीब 15 फीट ऊंचे साउंड बॉक्स पर बैठे चार युवक अचानक नीचे सड़क पर गिर गए। हादसे में चारों युवकों को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घटना का CCTV फुटेज शनिवार को सामने आया है।
खराब सड़क से गुजरते समय बिगड़ा डीजे वाहन का संतुलन…

जानकारी के अनुसार घटना शुक्रवार शाम करीब 6.45 बजे की है। विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से झांकियों के साथ जन्माष्टमी शोभायात्रा निकाली गई थी। शोभायात्रा बिहारी चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सुभाष पार्क स्थित राम दरबार मंदिर की ओर जा रही थी।
शोभायात्रा में शामिल डीजे वाहन के ऊपर कई युवक साउंड बॉक्स पर बैठकर चल रहे थे। सुभाष चौक के पास वाहन जब खराब सड़क से गुजर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। वाहन को लगे झटके के कारण करीब 15 फीट ऊंचा बड़ा साउंड बॉक्स हिल गया और उसके ऊपर बैठे चार युवक नीचे सड़क पर जा गिरे।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
युवकों के अचानक सड़क पर गिरने के बाद शोभायात्रा में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और शोभायात्रा में शामिल सदस्यों ने तत्काल घायलों को संभाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने चारों युवकों का प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद दो युवकों की हालत सामान्य होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, दो युवकों को गंभीर चोटें आने के कारण उनके परिजन बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए हैं।

CCTV फुटेज में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
हादसे के बाद सामने आए CCTV फुटेज में शोभायात्रा के दौरान डीजे वाहन सड़क से गुजरता हुआ दिखाई दे रहा है। वाहन के ऊपर बने बड़े साउंड बॉक्स पर कई युवक बैठे नजर आ रहे हैं। सुभाष चौक के पास खराब सड़क से वाहन के गुजरने के दौरान संतुलन बिगड़ता है और साउंड बॉक्स पर बैठे चार युवक नीचे सड़क पर गिर जाते हैं।
CCTV फुटेज सामने आने के बाद हादसे की तस्वीर स्पष्ट हो गई है। घटना के बाद डीजे वाहनों पर ऊंचाई पर बैठकर शोभायात्रा में शामिल होने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
#Satna #SatnaNews #Janmashtami #JanmashtamiShobhayatra #DJAccident #CCTVFootage #MadhyaPradesh #MPNews #BreakingNews #RewanchalRoshni #सतना #जन्माष्टमी #मध्यप्रदेश









